मुंबई: मुंबई से आई एक खबर ने संगीत प्रेमियों के दिलों की धड़कनें फिर से तेज कर दी हैं. प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास के ऐलान के बाद अरिजीत सिंह के फैंस काफी निराश हो गए थे, हालांकि अब उनके लिए एक खुशखबरी आ रही है. बता दें मशहूर गायक अरिजीत सिंह ने अपने नए गाने के साथ संकेत दिया है कि उनके म्यूजिक का सफर थमा नहीं है बल्कि एक नए मोड़ पर पहुंच गया है.
हाल ही में रिलीज हुआ उनका गीत 'रैना' फैंस के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है. इस रोमांटिक ट्रैक को शेखर रवजियानी ने संगीतबद्ध किया है, जबकि इसके बोल प्रिया सरैया ने लिखे हैं. गाने की घोषणा सोशल मीडिया के जरिए की गई. साथ ही बता दें कि रिलीज के तुरंत बाद इसे शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है.
प्लेबैक सिंगिंग से दूरी बनाने के फैसले के बाद यह साफ हो गया था कि अरिजीत सिंह अब स्वतंत्र संगीत पर ज्यादा ध्यान देना चाहते हैं. 'रैना' इसी दिशा में बढ़ाया गया नया कदम है. यह गीत प्यार और भावनाओं की गहराई को सधी हुई धुन और मधुर आवाज के साथ पेश करता है.
जैसे ही गाना रिलीज हुआ, सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ सी आ गई. कई प्रशंसकों ने लिखा कि अरिजीत की आवाज फिर सुनकर आंखें नम हो गईं. कुछ ने इसे 'लेजेंड की वापसी' बताया, तो वहीं कुछ ने अरिजीत के आने वाले प्रोजेक्ट्स को लेकर उत्साह दिखाया है. साफ है कि अरिजीत की लोकप्रियता में कोई कमी नहीं आई है.
बता दें इस साल की शुरुआत में अरिजीत ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए घोषणा की थी कि वे अब नए प्लेबैक सिंगिंग प्रोजेक्ट नहीं करेंगे. उन्होंने अपने प्लेबैक सिंगिंग के सफर को 'शानदार' बताते हुए अपने फैंस का आभार जताया था.
'रैना' का आधिकारिक वीडियो गरुड़ा म्यूजिक के यूट्यूब चैनल पर उपलब्ध है. यह रिलीज दर्शाती है कि भले ही उन्होंने फिल्मों के लिए गाना बंद कर दिया हो, लेकिन संगीत से उनका रिश्ता पहले जैसा ही बना हुआ है.