नई दिल्ली: इंस्टाग्राम पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने लोगों के बीच खाद्य सुरक्षा को लेकर नई चिंता खड़ी कर दी है. इस वीडियो में एक परिवार अमूल दूध के पैकेट से जुड़े एक चौंकाने वाले दावे को दिखाते हुए नजर आता है, जिसमें कथित तौर पर दूध के अंदर कीड़े दिखाई दे रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद उपभोक्ताओं के बीच भरोसे और गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं.
वायरल क्लिप में एक महिला अमूल गोल्ड फुल क्रीम दूध (Amul Gold Full Cream Milk) का खाली पैकेट पकड़े दिखती है, जबकि पास रखे बर्तन में दूध के अंदर कीड़े नजर आते हैं. वीडियो में पैकेट की एक्सपायरी डेट 8 मार्च 2026 बताई गई है. इस घटना को लेकर ग्राहकों ने स्थानीय दुकानदार पर खराब दूध बेचने का आरोप लगाया है.
मामला सामने आने के बाद अमूल ने आधिकारिक तौर पर प्रतिक्रिया दी. कंपनी ने कहा कि उसे शिकायत की जानकारी मिल गई है और उनकी टीम इस मामले की जांच कर रही है. उपभोक्ताओं को जल्द ही उचित जवाब देने का आश्वासन भी दिया गया है.
14 मार्च को पोस्ट किया गया ये वीडियो सोशल मीडिया पर बहुत तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो को अभी तक करीब लाखों बार देखा जा चुका है. इसके साथ ही इंटरनेट पर वीडियो के लिए मिली जुली प्रतिक्रिया सामने आ रही है. लोगों की प्रतिक्रियाएं मिश्रित रही हैं.
कुछ यूजर्स ने वीडियो को लेकर हैरानी जताई है, जबकि कई लोगों ने शक जताया कि यह समस्या पैकेजिंग से पहले या बाद में भी हो सकती है. वहीं, कुछ लोगों ने फूड प्रोडक्स की गुणवत्ता पर चिंता जताई है.
इस बीच, इसी महीने जयपुर में लगभग 1.5 लाख किलोग्राम एक्सपायर्ड अमूल ब्रांडेड फूड आइटम को नष्ट किया गया था. जांच में सामने आया कि एक डिस्ट्रिब्युटर कथित तौर पर पुराने उत्पादों की एक्सपायरी डेट मिटाकर उन्हें दोबारा पैक कर बाजार में बेचने की कोशिश कर रहा था. अधिकारियों को संदेह है कि यह एक संगठित स्तर पर किया जा रहा था.