सोशल मीडिया पर कभी-कभी ऐसे दृश्य सामने आते हैं, जो बिना किसी बड़े आयोजन या दिखावे के भी दिल को गहराई से छू जाते हैं. जिनमें कोई आडंबर नहीं होता वो बस एक सच्ची भावना पर आधारित होते हैं. ऐसा ही एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है, जिसमें एक हाउस हेल्प के लिए उसका छोटा-सा बर्थ डे मनाया गया.
इस घटना ने सोशल मीडिया पर सबको भावुक कर दिया है. इस वीडियो ने यह साबित कर दिया कि सच्ची खुशी महंगे उपहारों में नहीं, बल्कि अपनापन और संवेदनशीलता में छिपी होती है.
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो कृतार्थ नाम के एक यूजर साझा किया. उन्होंने बताया कि उन्होंने ज्योति को, जिसे वे प्यार से 'दीदी' कहते हैं, को किचन में रोते हुए पाया. पूछने पर ज्योति ने बताया कि उस दिन उसका जन्मदिन है और अगर उसकी मां जीवित होती, तो वह उसे खास महसूस कराती. बचपन में ही माता-पिता को खो देने की वजह से यह दिन उसके लिए भावनात्मक रूप से और भी भारी था.
ज्योति की बात सुनकर कृतार्थ और उनके दोस्तों ने तय किया कि वे ज्योति के इस दिन को उसके लिए यादगार बनाएंगे. उन्होंने बिना किसी शोर-शराबे के एक छोटी सी बर्थडे पार्टी आयोजित करने की योजना बनाई, ताकि उसे अकेलापन महसूस न हो.
वीडियो में देखा जा सकता है कि सभी ने मिलकर एक केक का इंतजाम किया और साधारण तरीके से ज्योति का जन्मदिन मनाया गया. हालांकि यह आयोजन बहुत छोटा था, लेकिन उसमें शामिल इमोशन बेहद खास थे. ज्योति के चेहरे पर आई मुस्कान ने इस पूरे पल को खास बना दिया था.
कृतार्थ ने आगे यह भी बताया कि उन्होंने ज्योति को 500 रुपये देने की भी कोशिश की, ताकि वो अपनी पसंद से कुछ मंगाकर पार्टी कर सकें, लेकिन उसने इसे लेने से मना कर दिया. ज्योति के फैसले ने सबको बहुत प्रभावित किया.
अब घटना का वीडियो बहुत तेजी से वायरल हो रहा है. लोगों ने इस पहल की जमकर सराहना की और इसे इंसानियत की मिसाल बताया. कई यूजर्स ने ज्योति की मुस्कान को सबसे खूबसूरत पल बताया, तो वहीं कुछ ने कहा कि 'उसके चेहरे पर वो खुशी सब कुछ बयां कर रही है.'