बेंगलुरु: बेंगलुरु की सड़कों पर लापरवाही का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में तीन डॉक्टर बिजी सड़क पर न सिर्फ ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करते दिखे, बल्कि खुलेआम शराब पीते हुए दोपहिया वाहन चला रहे थे. इस खतरनाक हरकत ने सार्वजनिक सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
यह घटना रविवार रात जयदेव जंक्शन और बीटीएम लेआउट के बीच की बताई जा रही है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्यवाही करते हुए तीनों आरोपियों धनुष एस, अपूर्वा और अविनाश—को गिरफ्तार कर लिया. हालांकि बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया.
सोशल मीडिया पर तेजी से फैले वीडियो में तीनों व्यक्ति एक ही बाइक पर सवार नजर आए. चालक तेज और अनबैलेंस्ड तरीके से गाड़ी चला रहा था, जबकि पीछे बैठा शख्स हाथ में शराब की बोतल लेकर खुलेआम पीता दिख रहा था. ये सीन घनी ट्रैफिक वाली सड़क का था, जिससे हादसे की आशंका और बढ़ गई थी.
पुलिस जांच में सामने आया कि तीनों आरोपी पेशे से ऑर्थोपेडिक डॉक्टर हैं. ड्राइवर धनुष एस, चिक्कबनवारा स्थित सप्तगिरि मेडिकल कॉलेज से जुड़े हैं. वहीं अपूर्वा वैदेही अस्पताल में कार्यरत हैं और अविनाश रामनगर के चामुंडेश्वरी मेडिकल कॉलेज से संबद्ध बताए गए हैं.
पुलिस ने तीनों के खिलाफ कई धाराओं में मामला दर्ज किया है. इनमें एक ही वाहन पर तीन लोगों का सवार होना, लापरवाही से ड्राइविंग, बिना हेलमेट वाहन चलाना और सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन करना शामिल है. कर्नाटक पुलिस अधिनियम के तहत सार्वजनिक जगह पर शराब पीना भी अपराध माना जाता है.
इस घटना के बाद पुलिस ने अब इस पर बयान जारी किया है. अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना केवल ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन नहीं थी, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा थी. भारी ट्रैफिक के बीच इस तरह की लापरवाही किसी भी बड़े हादसे को जन्म दे सकती थी. ऐसे में इस घटना को नजरअंदाज करना मुमकिन नहीं है.