नई दिल्ली: Xiaomi ने भारत में अपने Mijia ब्रांड के तहत एयर प्यूरिफायर की नई रेंज पेश की है. कंपनी ने Mijia Smart Air Purifier 4 Compact और Mijia Smart Air Purifier 6 लॉन्च किए हैं. इसके साथ Xiaomi Smart Air Purifier 4 Lite भी रेंज में शामिल है. इन डिवाइस को अलग-अलग साइज के कमरों की जरूरत को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. अगर बात करें कीमत की तो इसकी शुरुआत 7,999 रुपये से होती है.
दरअसल Mijia Smart Air Purifier 4 Compact की कीमत 7,999 रुपये रखी गई है, जबकि Mijia Smart Air Purifier 6 की कीमत 19,999 रुपये है. कंपनी के मुताबिक इनकी बिक्री 2 सितंबर से शुरू होगी.
छोटे कमरों के लिए बनाया गया 4 Compact मॉडल 400 वर्ग फीट तक के एरिया को कवर कर सकता है. इसमें प्री-फिल्टर, हाई-एफिशिएंसी फिल्टर और एक्टिवेटेड कार्बन वाला 3-लेयर फिल्ट्रेशन सिस्टम मिलता है. कंपनी के अनुसार यह 0.3 माइक्रोन तक के 99.97 प्रतिशत पार्टिकल्स को फिल्टर कर सकता है.
इसमें एयर क्वालिटी बताने के लिए कलर इंडिकेटर दिया गया है. यूजर्स Auto, Sleep और Manual मोड का इस्तेमाल कर सकते हैं. Sleep Mode में इसका शोर सिर्फ 20dB तक रहता है, इसलिए इसे बेडरूम या स्टडी रूम में इस्तेमाल किया जा सकता है. इसका वजन करीब 2.2 किलोग्राम है.
Mijia Smart Air Purifier 6 को बड़े कमरों के लिए डिजाइन किया गया है. Xiaomi के अनुसार यह 940 वर्ग फीट तक के कमरे को कवर कर सकता है. इसमें 5-लेयर फिल्ट्रेशन सिस्टम और 5 सेंसर वाला AQI मॉनिटरिंग सिस्टम दिया गया है, जो PM1, PM2.5, धूल, तापमान और नमी को मॉनिटर करता है.
कंपनी का दावा है कि यह 108 वर्ग फीट के कमरे की हवा को करीब 3.5 मिनट में साफ कर सकता है. इसमें Xiaomi Home ऐप के जरिए स्मार्ट कंट्रोल की सुविधा भी मिलती है.
अगर कमरे का आकार छोटा है तो 4 Compact एक किफायती विकल्प है. वहीं बड़े लिविंग रूम या ज्यादा जगह वाले घर के लिए Mijia Air Purifier 6 ज्यादा उपयुक्त है. दोनों मॉडल स्मार्ट कंट्रोल और एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग जैसी सुविधाएं देते हैं.