प्रयागराज में दिल दहला देने वाला हादसा! ढहा कोल्ड स्टोरेज, हुई 4 मजदूरों की मौत, 12 घायल

प्रयागराज के फाफामऊ के एक कोल्ड स्टोरेज का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया. इस दुर्घटना के बाद कई परिवार उजड़ गए, क्योंकि मलबे के नीचे दबे लोगों में से कुछ की मौके पर ही मौत हो गई

Date Updated Last Updated : 24 March 2026, 10:07 AM IST
फॉलो करें:
Courtesy: X (@ShaanUnfiltered & ANI)

प्रयागराज: प्रयागराज के फाफामऊ इलाके में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हुआ. फाफामऊ के एक कोल्ड स्टोरेज का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया. इस दुर्घटना ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया, क्योंकि मलबे के नीचे दबे लोगों में से कुछ की मौके पर ही मौत हो गई और कई तो मलबे में फंसे हुए थे, जिनके लिए बचाव कार्य चलाया जा रहा था. इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया.

प्रशासन द्वारा सामने आई रिपोर्ट के अनुसार इस हादसे में करीब चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक नाबालिग समेत 12 अन्य घायल हुए हैं. इन सभी घायलों को बेली और एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों की हर संभव मदद करने की बात कही है. 

कैसे हुआ हादसा 

घटना के बाद जिला प्रशासन के मुताबिक, सोमवार को दोपहर करीब 1:30 बजे कोल्ड स्टोरेज का एक हिस्सा अचानक गिर गया. उस समय वहां काम कर रहे करीब 16 लोग मलबे के नीचे दब गए. इनमें अधिकतर दिहाड़ी मजदूर थे, जो रोजमर्रा के काम में लगे हुए थे.

जारी है बचाव कार्य

घटना की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और फायरब्रीगेड विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं. भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाकर लोगों को बाहर निकाला गया. इस दौरान प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे और राहत कार्य की निगरानी करते रहे. फिलहाल बचाव अभियान कई घंटों तक जारी रहा. 

प्रशासन ने दिए जांच के आदेश

इस हादसे की जांच के लिए एडीएम की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है, जिसे दो दिनों के अंदर रिपोर्ट सौंपनी होगी. प्रशासन यह भी जांच कर रहा है कि कोल्ड स्टोरेज का लाइसेंस वैध था या नहीं और समय-समय पर इसका नवीनीकरण हुआ था या नहीं.

मृतकों के परिजनों को दिए जाएंगे 2 लाख 

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इस घटना के बाद देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर शोक जाहिर किया है. घटना के बाद प्रशासन ने साफ किया है कि वह दुर्घटनाग्रस्त परिवार के साथ खड़े हैं. इस दौरान प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री दोनों ने प्रत्येक मृतक के परिवार को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है.

सम्बंधित खबर