ग्रेटर नोएडा में नहर से THAR में मिली विवाहिता की लाश, पति बोला- हादसा, भाई ने जताया हत्या का शक

ग्रेटर नोएडा में नहर में गिरी थार से एक विवाहिता का शव मिलने के बाद उसके परिजनों ने पति पर हत्या कर घटना को हादसा बताने का आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे की सच्चाई जानने के लिए सीन रीक्रिएट करने समेत सभी पहलुओं की पड़ताल करेगी.

Date Updated Last Updated : 28 July 2026, 04:03 PM IST
फॉलो करें:
Courtesy: AI generated

लखनऊ: ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र में नहर से एक थार वाहन के अंदर विवाहिता का शव मिलने का मामला सामने आया है. घटना के बाद मृतका के परिजनों ने उसके पति पर हत्या का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि घटना को सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की गई. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. क्या है पूरा मामला चलिए जानते है. 

मथुरा से लौट रहे पति-पत्नि 

पुलिस के अनुसार, भट्टा गांव निवासी मोहित अपनी पत्नी रीना के साथ मथुरा से लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में भट्टा गांव के पास उनकी थार अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई. मोहित का दावा है कि वह किसी तरह वाहन से बाहर निकल आया, लेकिन रीना पानी में डूब गई, जिससे उसकी मौत हो गई.

रीना के मायके पक्ष ने इस कहानी पर सवाल उठाए हैं. मृतका के भाई का आरोप है कि छह साल पहले हुई इस शादी के बाद से रिश्तों में तनाव चल रहा था. उनका कहना है कि पिछले कुछ दिनों से रीना फोन पर बता रही थी कि उसका पति उस पर तलाक का दबाव बना रहा है. परिवार का आरोप है कि घटना की सूचना भी उन्हें सही तरीके से नहीं दी गई.

परिवार ने पति पर लगाया हत्या का आरोप 

परिजनों ने यह भी दावा किया कि जब वे मौके पर पहुंचे तो थार वाहन पूरी तरह पलटा हुआ नहीं था, बल्कि पानी में सीधा खड़ा था। उनका कहना है कि ऐसे में हादसे की कहानी कई सवाल खड़े करती है. परिवार ने पति पर हत्या कर शव को नहर में डालने और मामले को दुर्घटना की तरह पेश करने का आरोप लगाया है. 

मामले की गंभीरता को देखते हुए दनकौर पुलिस अब घटनास्थल पर पूरा सीन रीक्रिएट करेगी. जांच के दौरान यह समझने की कोशिश की जाएगी कि वाहन किस तरह नहर में गिरा, चालक कैसे बाहर निकला और महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई. इसके अलावा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जाएगी. पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी. इसके साथ ही पति से विस्तृत पूछताछ की जाएगी. अधिकारियों के मुताबिक, वैज्ञानिक साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी.

सम्बंधित खबर