लखनऊ: आज जब पूरे विश्व में युद्ध जैसे हालात है. भारत को छोड़कर पूरा विश्व आज के समय में एक-दूसरे से लड़ रहा है. इसी बीच उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक हैरान करने वाली खबर सामने आ रही है.
बता दें खबर है कि लखनऊ एंटी टेररिज्म स्क्वाड (ATS) ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन ISIS के एक ऑनलाइन मॉड्यूल से कथित तौर पर संबंध रखने के आरोप में डेंटल केयर की पढ़ाई कर रहे 19 वर्षीय छात्र को गिरफ्तार किया है. अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी. जानकारी की पुष्टि होने के बाद अब एटीएस थाना लखनऊ में अब मुकदमा दर्ज किया जा चुका है.
लखनऊ से मामला सामने आ रहा है. जिसमें डेंटल केयर की पढ़ाई कर रहा एक 19 वर्षीय छात्र हरीश अली को आतंकी संगठन ISIS के एक ऑनलाइन मॉड्यूल से संबंधित पाया गया है.
एटीएस के एक बयान के अनुसार, सहारनपुर जिले के निवासी हरीश अली को रविवार को मुरादाबाद में भारत में सक्रिय आईएसआईएस से जुड़े ऑनलाइन नेटवर्क की गतिविधियों की चल रही जांच के दौरान गिरफ्तार किया गया.
अधिकारियों ने बताया कि बीडीएस के द्वितीय वर्ष के छात्र पर इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और सेशन और डिस्कोर्ड जैसे एन्क्रिप्टेड एप्लिकेशन के माध्यम से आईएसआईएस के संचालकों और समर्थकों से जुड़े होने का आरोप है।
एटीएस के अनुसार, खुफिया जानकारी से पता चला है कि उत्तर प्रदेश और देश के अन्य हिस्सों में कुछ व्यक्ति शरिया-आधारित खिलाफत प्रणाली स्थापित करने के उद्देश्य से आईएसआईएस की विचारधारा का प्रचार करने और भारत में आतंकी संगठन को मजबूत करने के लिए लोगों की भर्ती करने के लिए ऑनलाइन समूह बना रहे थे.
जांच के दौरान यह पाया गया कि आरोपियों ने कथित तौर पर कई उपनामों और वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क (वीपीएन) का उपयोग करके कई समूह बनाए थे ताकि समान विचारधारा वाले व्यक्तियों की भर्ती की जा सके और आईएसआईएस का प्रचार किया जा सके.
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी 'अल इत्तिहाद मीडिया फाउंडेशन' नामक एक अलग समूह भी चलाता था और भारत और विदेशों में आईएसआईएस नेटवर्क से जुड़े व्यक्तियों के साथ संपर्क बनाए रखता था.