नोएडा: नोएडा के सेक्टर 82 स्थित ईडब्ल्यूएस पॉकेट-7 में भक्ति और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला. यहां ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजे की मधुर धुनों के बीच एक विशाल कलश यात्रा के साथ संगीतमय 'श्रीराम कथा' का भव्य शुभारंभ हुआ. 'जय श्रीराम' के जयघोष पर थिरकते श्रद्धालुओं और भक्ति गीतों ने पूरे नोएडा के इस इलाके को राममय बना दिया.
कलश यात्रा की छटा देखते ही बन रही थी. शोभायात्रा के सबसे आगे सजे हुए घोड़े चल रहे थे, जिसके पीछे बैंड-बाजे की धुन पर भक्त झूम रहे थे. इसके बाद कथा व्यास अनंत विभूषित महामंडलेश्वर 1008 स्वामी पंचमानंद जी महाराज का भव्य रथ चल रहा था. यात्रा के मुख्य आकर्षणों में भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी की अलौकिक झांकी शामिल थी. सिर पर मंगल कलश धारण किए सैकड़ों महिलाओं और भक्तों ने सेक्टर 82 और 93 का भ्रमण किया. जगह-जगह स्थानीय निवासियों ने पुष्प वर्षा कर और जलपान कराकर इस दिव्य यात्रा का जोरदार और आत्मीय स्वागत किया.
कलश यात्रा के पुनः कथा स्थल पर पहुँचने के बाद, महामंडलेश्वर स्वामी पंचमानन्द महाराज ने व्यासपीठ से राम कथा की महिमा का बखान किया. उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि जन्म-जन्मांतर के पुण्यों के उदय होने पर ही मनुष्य को राम कथा रूपी अमृत पीने का दुर्लभ सौभाग्य प्राप्त होता है. स्वामी जी ने बताया कि श्रीराम कथा सुनने मात्र से सुमेरु पर्वत के समान बड़े पापों का भी नाश हो जाता है, क्योंकि यह कथा मनुष्य के भीतर श्रेष्ठ संस्कारों का बीजारोपण करती है. पहले दिन व्यास जी द्वारा सती चरित्र और पार्वती विवाह का बेहद रोचक और भावपूर्ण प्रसंग सुनाया गया, जिसे सुनकर भक्त भाव-विभोर हो गए.
कार्यक्रम के मीडिया प्रभारी देव मणि शुक्ल ने जानकारी दी कि यह विशाल धार्मिक आयोजन पॉकेट के सभी निवासियों के सामूहिक सहयोग से आयोजित किया जा रहा है. श्रीराम कथा का रसपान नित्य शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक कराया जाएगा. शनिवार, 30 मार्च को कथा के दौरान 'नारद मोह' और 'अहिल्या उद्धार' जैसे मार्मिक प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा. आयोजकों ने सभी शहरवासियों से इस ज्ञान गंगा में डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है.
इस पुनीत अवसर पर देव मणि शुक्ल, संजय पांडे, गोरे लाल, रवि राघव, दीपक तिवारी, सतेंद्र कुमार सिंह, घनश्याम जोशी, हरि शंकर सिंह, संजय शुक्ला, अंगद सिंह तोमर, विष्णु शर्मा, हंसमणि शुक्ल समेत भारी संख्या में रामभक्त और स्थानीय निवासी उपस्थित रहे.