पंजाब के खिलाड़ियों को मिला विश्वस्तरीय स्विमिंग पूल का तोहफा, CM मान ने किया उद्घाटन

संगरूर में ओलंपिक स्तर के आधुनिक स्विमिंग पूल के उद्घाटन के साथ पंजाब सरकार ने खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया है. इस पहल के साथ खिलाड़ियों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की गई हैं.

Date Updated Last Updated : 01 July 2026, 08:21 AM IST
फॉलो करें:

संगरूर: पंजाब को देश का अग्रणी खेल राज्य बनाने की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शुक्रवार को संगरूर में 9.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित ओलंपिक स्तर के अत्याधुनिक स्विमिंग पूल का उद्घाटन किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि संगरूर जिला भविष्य में एशियन, विश्व और ओलंपिक स्तर के खिलाड़ियों की नर्सरी के रूप में विकसित होगा.

खेलों के बुनियादी ढांचे में सरकार द्वारा किए जा रहे निवेश का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों के दौरान पंजाब का खेल बजट कभी 200 करोड़ रुपये से अधिक नहीं पहुंचा, जबकि वर्तमान सरकार ने इसे बढ़ाकर 1,790 करोड़ रुपये कर दिया है. उन्होंने बताया कि पहली बार पंजाब को एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी का अवसर मिला है. साथ ही राज्य सरकार अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिभाओं को तैयार करने के लिए पंजाब क्रिकेट प्रीमियर लीग और पंजाब हॉकी लीग शुरू करने की भी तैयारी कर रही है.

'एक्स' पर साझा किया उद्घाटन का वीडियो

कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर साझा करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने लिखा, "आज संगरूर के लोगों को खेलों के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिली है. वार हीरोज स्टेडियम में 9.50 करोड़ रुपये की लागत से तैयार ओलंपिक स्तर के आधुनिक स्विमिंग पूल का उद्घाटन किया गया है." उन्होंने बताया कि 50×21 मीटर आकार का यह स्विमिंग पूल खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के लिए विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस है, जिससे उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण वातावरण मिलेगा.

मुख्यमंत्री ने आगे लिखा, "पंजाब की खेल संस्कृति को पुनर्जीवित करने के लिए हमारी सरकार ने खेल बजट को 200 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 1,790 करोड़ रुपये कर दिया है. खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के लिए अग्रिम राशि उपलब्ध कराई जाएगी, जबकि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को स्वर्ण पदक के लिए 1 करोड़ रुपये, रजत पदक के लिए 75 लाख रुपये और कांस्य पदक के लिए 50 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा."

उन्होंने यह भी बताया कि खेल संस्कृति को और मजबूत करने के लिए पंजाब सरकार जल्द ही पंजाब प्रीमियर लीग और पंजाब हॉकी लीग की शुरुआत करेगी. इसके अलावा अक्टूबर-नवंबर में मोहाली और जालंधर में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी (हॉकी) का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे पंजाब की पहचान अंतरराष्ट्रीय खेल केंद्र के रूप में और मजबूत होगी.

'यह स्विमिंग पूल भविष्य के ओलंपियनों की नर्सरी बनेगा'

उद्घाटन के बाद आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह दिन संगरूर के लोगों, विशेषकर युवाओं के लिए गर्व और खुशी का अवसर है. उन्होंने कहा, "यह स्विमिंग पूल केवल एक इमारत नहीं, बल्कि भविष्य के ओलंपियन खिलाड़ियों की नर्सरी साबित होगा." मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विश्वस्तरीय सुविधा पंजाब को देश का नंबर-1 खेल राज्य बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने बताया कि ओलंपिक मानकों के अनुरूप तैयार इस स्विमिंग पूल का निर्माण 9.50 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है. इसका आकार 50 मीटर × 21 मीटर है, गहराई 4.5 फीट से 7.5 फीट तक है और इसमें लगभग 2.5 लाख लीटर पानी की क्षमता है.

खिलाड़ियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस परिसर

मुख्यमंत्री ने बताया कि खिलाड़ियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिसर में पुरुष और महिला खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग आधुनिक शॉवर और चेंजिंग रूम बनाए गए हैं. इसके अलावा प्रशिक्षकों के लिए विशेष कक्ष, स्टोर रूम तथा आधुनिक जिमनेजियम की भी व्यवस्था की गई है. उन्होंने बताया कि सात वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए अलग से एक मिनी स्विमिंग पूल भी तैयार किया गया है, जिससे छोटी उम्र से ही बच्चों को तैराकी के लिए प्रोत्साहित किया जा सके.

विश्वस्तरीय तकनीक से हुआ निर्माण

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बताया कि इस स्विमिंग पूल का निर्माण विश्वस्तरीय 'मिर्था रेनोवएक्शन' और 'क्लासिक मॉड्यूलर सिस्टम' तकनीक के माध्यम से किया गया है. उन्होंने कहा कि इसमें लैमिनेटेड पीवीसी और स्टेनलेस स्टील के पैनलों का उपयोग किया गया है, जिससे यह देश के सबसे आधुनिक स्विमिंग पूलों में शामिल हो गया है. साथ ही स्वच्छ और सुरक्षित पानी उपलब्ध कराने के लिए यूरोपीय मानकों के अनुरूप फिल्ट्रेशन और डिसइन्फेक्शन सिस्टम भी स्थापित किया गया है.

बच्चों को खेलों से जोड़ने की अपील

मुख्यमंत्री ने संगरूर और आसपास के क्षेत्रों के अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित करें. उन्होंने कहा, "राज्य सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि खेलों के विकास के लिए सुविधाओं और संसाधनों की कभी कोई कमी न आने पाए."

राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि पंजाब सरकार पूरे राज्य में 3,100 खेल मैदान विकसित कर रही है. उन्होंने कहा कि इन प्रयासों का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़कर उन्हें बेहतर भविष्य और स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित करना है. इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह तथा तरुनप्रीत सिंह सौंद सहित कई गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे.

सम्बंधित खबर