15 अगस्त पर पेट्रोल-डीजल से जुड़ा बड़ा बदलाव, पेट्रोल की एक्सपोर्ट ड्यूटी शून्य और डीजल-ATF पर भी राहत

स्वतंत्रता दिवस पर केंद्र सरकार ने पेट्रोलियम उत्पादों के एक्सपोर्ट को लेकर बड़ा बदलाव किया है. पेट्रोल पर ड्यूटी पूरी तरह खत्म कर दी गई है, जबकि डीजल और ATF पर शुल्क घटाया गया है. घरेलू कीमतों पर इसका सीधा असर नहीं होगा.

Date Updated Last Updated : 15 August 2026, 11:47 AM IST
फॉलो करें:
Courtesy: AI Generated

नई दिल्ली: भारत आज 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है और इसी बीच पेट्रोल-डीजल से जुड़ी एक अहम खबर सामने आई है. केंद्र सरकार ने पेट्रोल, डीजल और एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) के निर्यात पर लगने वाली ड्यूटी में बदलाव किया है. नए आदेश के तहत पेट्रोल पर एक्सपोर्ट ड्यूटी पूरी तरह खत्म कर दी गई है, जबकि डीजल और ATF पर भी शुल्क घटाया गया है.

सरकार के नए आदेश के मुताबिक 15 अगस्त से पेट्रोल के निर्यात पर लगने वाली ड्यूटी 3.5 रुपये प्रति लीटर से घटाकर शून्य कर दी गई है. वहीं डीजल के निर्यात पर कुल लेवी 25.5 रुपये से घटाकर 24 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है. इसी तरह एविएशन टर्बाइन फ्यूल यानी ATF के निर्यात पर शुल्क 22 रुपये से घटाकर 19.5 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है. ये बदलाव निर्यात के लिए मंजूर किए गए पेट्रोलियम उत्पादों पर लागू होंगे.

घरेलू पेट्रोल-डीजल की कीमत पर असर नहीं

सरकार की ओर से स्पष्ट किया गया है कि एक्सपोर्ट ड्यूटी में किए गए इन बदलावों का घरेलू बाजार में बिकने वाले पेट्रोल और डीजल पर लगने वाली एक्साइज ड्यूटी से कोई सीधा संबंध नहीं है. यानी देश में ग्राहकों के लिए पेट्रोल और डीजल की मौजूदा कीमतों में इस फैसले के कारण कोई बदलाव नहीं किया गया है. भारत ने जुलाई 2022 में पहली बार विंडफॉल टैक्स लगाया था. उस समय अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी तेजी देखने को मिली थी. इस व्यवस्था के तहत घरेलू स्तर पर उत्पादित कच्चे तेल के साथ पेट्रोल, डीजल और ATF के निर्यात पर भी शुल्क लगाया गया था.

3 अगस्त को बढ़ाई गई थी ड्यूटी

सरकार ने इससे पहले 3 अगस्त को इन उत्पादों पर एक्सपोर्ट ड्यूटी में बढ़ोतरी की थी. उस समय पेट्रोल पर शुल्क 2.5 रुपये से बढ़ाकर 3.5 रुपये प्रति लीटर किया गया था. डीजल के निर्यात पर कुल लेवी 15.5 रुपये से बढ़ाकर 25.5 रुपये प्रति लीटर और ATF पर शुल्क 14.5 रुपये से बढ़ाकर 22 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया था. अब सरकार ने इन बढ़ी हुई दरों में आंशिक कटौती की है.

वित्त मंत्रालय के अनुसार, इन शुल्क दरों को तय करते समय कच्चे तेल, पेट्रोल, डीजल और ATF की पिछली समीक्षा के बाद की औसत अंतरराष्ट्रीय कीमतों को ध्यान में रखा जाता है. संबंधित उत्पाद और समीक्षा अवधि के आधार पर शुल्क अलग-अलग तरीके से लगाया जा सकता है.

दिल्ली में पेट्रोल-डीजल के दाम

एक्सपोर्ट ड्यूटी में बदलाव के बावजूद घरेलू बाजार में पेट्रोल और डीजल के दाम स्थिर हैं. दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 95.20 रुपये प्रति लीटर है. वहीं XP100 प्रीमियम पेट्रोल 167.35 रुपये और XP95 पेट्रोल 109.24 रुपये प्रति लीटर पर बिक रहा है.

सम्बंधित खबर