चंडीगढ़: भारतीय जनता पार्टी (BJP) पंजाब ने संगठन को और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व की मंजूरी के बाद प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने नई प्रदेश कार्यकारिणी और विभिन्न पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की. नई टीम में प्रदेश उपाध्यक्ष, महामंत्री, मंत्री, कोषाध्यक्ष, आईटी, सोशल मीडिया और विभिन्न मोर्चों के प्रमुखों की नियुक्तियां की गई हैं.
नई सूची के अनुसार कई वरिष्ठ नेताओं को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है. इनमें सुरजीत कुमार ज्यानी, राकेश राठौर, सुभाष शर्मा, मनजीत सिंह राय, अश्वनी सेखड़ी, सुशील रिंकू, गेजा राम वाल्मीकि, तेजिंदर सिंह बिट्टू, जैस्मिन संधावालिया, जतिंदर मित्तल, रवि करण सिंह काहलों और रणजीत सिंह गिल शामिल हैं.
इसके अलावा अनिल सरीन, राजेश बाघा, परमिंदर सिंह बराड़, रजनीश धीमान और जीवन गर्ग को प्रदेश महामंत्री बनाया गया है.
बीजेपी ने प्रदेश मंत्री पद पर भी कई नेताओं को जिम्मेदारी दी है. इनमें मनजीत सिंह मन्ना, मंगत राय बंसल, राकेश शर्मा, सूरज भारद्वाज, वंदना सांगवाल, मीनू सेठी, रंजन कमरा, चरणजीत सिंह बराड़, कमलप्रीत कौर चौधरी, मीना तरनैच, अमरजीत सिंह अमरी और एकता नागपाल शामिल हैं. पार्टी का मानना है कि इन नियुक्तियों से संगठन को जिला स्तर तक मजबूती मिलेगी.
संगठनात्मक कार्यों को प्रभावी बनाने के लिए गुरदेव शर्मा (देबी) को प्रदेश कोषाध्यक्ष और सुखविंदर सिंह गोल्डी को सह-कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है. वहीं खुशवंत राय गीगा और संजीव खन्ना को प्रदेश प्रोटोकॉल सचिव तथा सुखविंदर सिंह परमार को प्रदेश कार्यालय सचिव बनाया गया है.
डिजिटल और सोशल मीडिया को मजबूत करने के उद्देश्य से कंवर इंद्रजीत सिंह को प्रदेश आईटी संयोजक और अजय अरोड़ा को प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है.
पार्टी ने युवा, महिला, किसान, अनुसूचित जाति और ओबीसी मोर्चा के लिए भी नए प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए हैं. अनुज खोसला को युवा मोर्चा, जय इंदर कौर को महिला मोर्चा, लखविंदर सिंह को किसान मोर्चा, शीतल अंगुराल को अनुसूचित जाति मोर्चा और शिवराज चौधरी को ओबीसी मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है.
मीडिया एवं संचार विभाग में एसएस चन्नी को मुख्य प्रवक्ता, विनीत जोशी को स्टेट मीडिया हेड तथा प्रीतपाल सिंह बलियावाल और परमपाल कौर सिद्धू को मीडिया सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है. इसके अलावा बिक्रमजीत सिंह चीमा को प्रदेश सेल समन्वयक और अन्य नेताओं को सह-समन्वयक की जिम्मेदारी सौंपी गई है.