दिल्ली-NCR में बदला मौसम का मिजाज, कई इलाकों में बूंदाबांदी; जानें कब होगी तेज बारिश

दिल्ली-एनसीआर में आज शुक्रवार को बादल छाने और कई इलाकों में हल्की बारिश होने से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है. मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक अच्छी बारिश होने की संभावना है.

Date Updated Last Updated : 17 July 2026, 09:53 AM IST
फॉलो करें:
Courtesy: AI Generated

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में शुक्रवार सुबह मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आया. आसमान में घने बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की बारिश व बूंदाबांदी दर्ज की गई. नोएडा सेक्टर-62, ग्रेटर नोएडा और स्कॉन टेंपल के आसपास हुई फुहारों ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत दिलाई. मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल मॉनसून सक्रिय है, लेकिन भारी बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां अभी पूरी तरह नहीं बनी हैं.

हल्की बारिश से मिली राहत

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 17 जुलाई को दिल्ली-एनसीआर में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है. इससे तापमान में मामूली गिरावट आएगी और मौसम पहले के मुकाबले अधिक सुहावना बना रहेगा. मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान 38 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान जताया है.

गुरुवार रहा जुलाई का सबसे गर्म दिन

बारिश से राहत मिलने से पहले गुरुवार को दिल्ली ने इस जुलाई का सबसे गर्म दिन देखा. सफदरजंग मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक था. वहीं न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस रहा. लगातार बढ़ती गर्मी और उमस के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था.

बादल हैं, फिर भी तेज बारिश क्यों नहीं?

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अरब सागर से आने वाली दक्षिण-पश्चिमी नम हवाएं दिल्ली तक पहुंच रही हैं, जिससे बादल तो बन रहे हैं, लेकिन रास्ते में नमी कम हो जाने के कारण पर्याप्त वर्षा नहीं हो पा रही है. इसके अलावा फिलहाल कोई मजबूत मौसम प्रणाली भी सक्रिय नहीं है, जो भारी बारिश करा सके. यही वजह है कि राजधानी में केवल हल्की बारिश और बूंदाबांदी देखने को मिल रही है.

कब होगी अच्छी बारिश?

आईएमडी का अनुमान है कि 19 जुलाई तक दिल्ली-एनसीआर में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है. वहीं 20 से 22 जुलाई के बीच मॉनसून की गतिविधियां तेज होने की संभावना है, जिससे राजधानी और आसपास के इलाकों में अच्छी बारिश हो सकती है.

लोगों को मिलेगी राहत

मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि अगले कुछ दिनों तक बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। इससे तेज धूप और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है. यदि अनुमान के अनुसार 20 जुलाई के बाद अच्छी बारिश होती है, तो राजधानी का तापमान और नीचे आ सकता है और लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी.

सम्बंधित खबर