नई दिल्ली: बुधवार को दिल्ली विधानसभा को लगातार दूसरी बार 24 घंटे के भीतर बम से उड़ाने की धमकी मिली है. मंगलवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के बजट पेश होने से कुछ घंटे पहले विधानसभा को इसी तरह की धमकियां मिली थीं.
विधानसभा अध्यक्ष की आधिकारिक ईमेल आईडी पर तड़के भेजे गए धमकी भरे ईमेल में आरोप लगाया गया है कि विधानसभा सत्र के दौरान परिसर में बम लगाए गए हैं. अधिकारियों ने बताया कि संदेश भेजने वाले ने कई भड़काऊ बातें और संदर्भ भी दिए हैं.
बीते 24 घंटे में दिल्ली विधानसभा को लगातार दो बार बम से उड़ाने की धमकी मिली है. यह घटनाक्रम विधानसभा को मंगलवार सुबह दो धमकी भरे ईमेल मिलने के एक दिन बाद सामने आया है. पहला ईमेल सुबह 7:28 बजे विधानसभा को भेजा गया, उसके बाद दूसरा ईमेल सुबह 7:49 बजे अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को भेजा गया, जिसके चलते मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा निर्धारित बजट प्रस्तुति से पहले बड़े पैमाने पर सुरक्षा व्यवस्था की गई.
ताजा खतरे के मद्देनजर, सुरक्षा एजेंसियों ने विधानसभा परिसर के अंदर और आसपास जांच तेज कर दी है. अधिकारियों ने बताया कि बम डिस्पोजल स्क्वायड, सर्च डॉग्स और स्थानीय पुलिस टीमों ने विस्फोटक सामग्री की मौजूदगी की संभावना को खत्म करने के लिए अभियान चलाए.
Delhi Assembly gets a bomb threat via email. The Assembly Speaker's OSD received the threat email. Investigation underway.
— ANI (@ANI) March 25, 2026
Details awaited.
इस घटना के बाद एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, 'हम हर खतरे को गंभीरता से ले रहे हैं. इस पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और संबंधित स्थान की निगरानी बढ़ा दी गई है.' उन्होंने आगे कहा कि पहुंच नियंत्रण उपायों को और सख्त कर दिया गया है.
साइबर विशेषज्ञों और सुरक्षा एजेंसियों ने ईमेल के सोर्स का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने बताया कि आईपी ट्रैकिंग और ईमेल हेडर विश्लेषण सहित तकनीकी निगरानी का उपयोग कर मेल सेंड करने वाले की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा.