गुवाहाटी: एक बार फिर से राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी चर्चा में हैं, कुछ समय पहले ही 15 साल के हुए वैभव ने सोमवार को सीएसके के गेंदबाजों की जमकर कुटाई की. वैभव की इस पारी ने न सिर्फ मैच का रुख बदल दिया, बल्कि क्रिकेट जगत का ध्यान भी अपनी ओर खींच लिया.
चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मुकाबले में सूर्यवंशी ने केवल 15 गेंदों में अर्धशतक जड़कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई. इस शानदार प्रदर्शन के साथ उन्होंने अपनी प्रतिभा का फिर से प्रमाण दिया, जिसे वे पहले भारत ए और अंडर-19 स्तर पर पहले भी दिखा चुके हैं.
मैच के बाद बातचीत में सूर्यवंशी ने बताया कि उनकी योजना पावरप्ले में तेजी से रन बनाकर मैच पर पकड़ बनाने की थी. उन्होंने माना कि शुरुआत में पिच थोड़ी मुश्किल थी, लेकिन जैसे-जैसे गेंद पुरानी होती गई, बल्लेबाजी आसान होती गई और उन्होंने इसका पूरा फायदा उठाया.
कम उम्र के बावजूद सूर्यवंशी ने न केवल बल्लेबाजी में परिपक्वता दिखाई, बल्कि मैच के बाद अपने जवाबों से भी फैंस को प्रभावित किया. उन्होंने कहा कि वे परिस्थितियों के अनुसार खेलना पसंद करते हैं और जरूरत पड़ने पर अग्रेसिव या डिफेंसिव दोनों तरीके अपना सकते हैं.
जब उनसे पूछा गया कि क्या कोचों ने उन्हें खास तैयारी की सलाह दी थी, तो उन्होंने साफ किया कि कोचिंग स्टाफ ने सिर्फ उन्हें अपने प्राकृतिक खेल पर टिके रहने को कहा. उन्होंने बताया कि बाहरी लोग भले ही दबाव की बात करते हों, लेकिन टीम प्रबंधन ने उन पर भरोसा जताया. जिस कारण वह अपना काम करने में सफल हो पाए.
सूर्यवंशी ने अपने ओपनिंग पार्टनर यशस्वी जायसवाल की भी सराहना की. उन्होंने बताया कि जायसवाल लगातार उनसे संवाद करते रहे, जिससे उन्हें सही फैसले लेने में मदद मिली. इस तालमेल ने टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई.
आपकी जानकारी के लिए बता दें कल के मैच में वैभव सूर्यवंशी नाम की आंधी आई थी. जोकि सीएसके को उड़ा ले गई. वैभव ने सीएसके के खिलाफ तूफानी पारी खेलते हुए महज 15 गेंदों में ही अर्धशतक जड़ इतिहास में अपना नाम दर्ज कर दिया है.
वह सबसे तेज अर्धशतक बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज हैं. उन्होंने 17 गेंदों पर 305.88 की स्ट्राइक रेट से 52 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने 4 चौके और 5 छक्के भी जड़े.