बेंगलुरु: चिन्नास्वामी स्टेडियम में एक बार फिर विराट कोहली का बल्ला चमका और उन्होंने साबित कर दिया कि अनुभव और संतुलन का कोई विकल्प नहीं होता. लंबे ब्रेक के बाद मैदान पर लौटे कोहली ने शानदार अर्धशतक जड़ते हुए न सिर्फ अपनी फॉर्म दिखाई, बल्कि यह भी बताया कि सही समय पर लिया गया आराम प्रदर्शन को नई ऊर्जा दे सकता है.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से खेलते हुए विराट कोहली ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में 38 गेंदों पर 69 रन बनाए, जिसमें पांच छक्के और पांच चौके शामिल थे. उनकी इस पारी की बदौलत टीम ने छह विकेट से आसान जीत दर्ज की. खास बात यह रही कि कोहली ने पिछले साल आईपीएल फाइनल के बाद अपना पहला टी20 मुकाबला खेला.
कोहली ने साफ तौर पर कहा कि लगातार क्रिकेट खेलने के कारण थकान का खतरा रहता है. ऐसे में बीच-बीच में लिया गया ब्रेक उन्हें मानसिक रूप से तरोताजा बनाए रखता है. उनके मुताबिक, यह आराम उन्हें नई ऊर्जा और उत्साह के साथ मैदान पर लौटने में मदद भी करता है.
किंग कोहली ने बताया कि वह कभी भी अधूरी तैयारी के साथ मैदान में नहीं उतरते. उनका मानना है कि जब तक खिलाड़ी पूरी तरह फिट और मानसिक रूप से तैयार न हो, तब तक वापसी नहीं करनी चाहिए. कोहली के अनुसार, जब वह लौटते हैं तो अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए पूरी तरह तैयार रहते हैं. कोहली ने कहा कि वह जब भी मैदान पर आते हैं वह अपना 120 प्रतिशत देते हैं.
कोहली ने इस बात पर भी जोर दिया कि उनका उद्देश्य सिर्फ टीम में जगह बनाए रखना नहीं, बल्कि लगातार अच्छा प्रदर्शन करना है. उनका मानना है कि एक खिलाड़ी के रूप में हमेशा बेहतर करने की चाह ही आपको आगे बढ़ाती है और टीम के लिए योगदान देने में मदद करती है.
टी20 में लंबे अंतराल के बावजूद कोहली ने बताया कि हाल ही में खेली गई वनडे सीरीज ने उनकी लय को बरकरार रखने में अहम भूमिका निभाई. उन्होंने कहा कि वह अपने स्वाभाविक खेल पर टिके रहे, जिससे उन्हें आत्मविश्वास मिला और पारी को संभालने में आसानी हुई.
आईपीएल के 19वें संस्करण का ओपनिंग मैच आरसीबी के होम ग्राउंड पर खेला गया. इस मैदान पर हमेशा से विराट कोहली का कब्जा रहा है. इसी कड़ी में विराट कोहली ने इस मैदान पर अपना 28वां अर्शतक जड़ा. कोहली ने एसआरएच के खिलाफ 38 गेंदों पर 69 रनों की शानदार पारी खेली.