नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट के इतिहास में उलटफेर देखने को मिला है. जिसने फैंस को हैरान कर दिया है. मजबूत मानी जाने वाली टीम इंडिया को आयरलैंड के हाथों दो मैचों की टी20 सीरीज में करारी शिकस्त झेलनी पड़ी है. बेलफास्ट में खेले गए दूसरे और निर्णायक मुकाबले में श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम को महज 1 रन से नजदीकी हार का सामना करना पड़ा. इस हार के साथ ही भारत ने न सिर्फ सीरीज गंवाई, बल्कि पूरे 1,050 दिनों के लंबे अंतराल के बाद टी20 फॉर्मेट में कोई द्विपक्षीय सीरीज हारी है.
1. 1,050 दिनों का अजेय रथ थमा: भारतीय टीम आखिरी बार अगस्त 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ लगातार दो मैच हारी थी, जो उसकी आखिरी सीरीज हार भी थी. तब से चला आ रहा अजेय सफर अब आयरलैंड में जाकर थमा है.
2. 1 रन से तीसरी हार: टी20 अंतरराष्ट्रीय के इतिहास में भारत सिर्फ तीसरी बार 1 रन के अंतर से हारा है. इससे पहले साल 2012 में न्यूजीलैंड और 2016 में वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत को इस अंतर से शिकस्त मिली थी.
3. कप्तानी का निराशाजनक आगाज: श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत के बाद देश के दूसरे ऐसे कप्तान बन गए हैं जिन्होंने बतौर कप्तान अपने शुरुआती दोनों टी20 मुकाबले गंवाए हैं.
4. तिलक वर्मा का धीमा अर्धशतक: मैच में तिलक वर्मा ने 46 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की। यह किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा टी20 में लगाया गया छठा सबसे धीमा अर्धशतक है.
5. रैंकिंग का बड़ा उलटफेर: आईसीसी टी20 रैंकिंग में शीर्ष पर काबिज और लगातार दो बार की टी20 वर्ल्ड कप विजेता टीम इंडिया, रैंकिंग में टॉप-10 से बाहर की टीम आयरलैंड से हार गई. भारत के दो बल्लेबाज रैंकिंग में टॉप पर हैं, जबकि आयरलैंड का कोई खिलाड़ी टॉप-50 में भी शामिल नहीं है.दक्षिण-एशियाई और प्रवासी
6. अभिषेक शर्मा का फ्लॉप शो: युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा साल 2026 में 9वीं बार शून्य पर आउट हुए. वह एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा बार 'डक' का शिकार होने वाले दुनिया के संयुक्त रूप से पहले खिलाड़ी बन गए हैं. उन्होंने राशिद खान (2019) और शादाब खान (2024) की बराबरी की.
7. 7 साल बाद 'व्हाइट वॉश': साल 2019 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू मैदान पर क्लीन स्वीप होने के बाद, यह पहला मौका है जब किसी टीम ने कम से कम 2 मैचों की टी20 सीरीज में भारत का सूपड़ा साफ किया है. ओवरऑल यह भारत का चौथा क्लीन स्वीप है.
8. इस दशक की तीसरी सीरीज हार: मौजूदा दशक (2021-2030) में भारत की यह कुल तीसरी टी20 सीरीज हार है. इससे पहले 2021 में शिखर धवन और 2023 में हार्दिक पांड्या की कप्तानी में भारत हारा था.
9. बिना कोई मैच जीते सीरीज का अंत: एमएस धोनी (2009, 2015) और विराट कोहली (2019) के बाद श्रेयस अय्यर तीसरे ऐसे भारतीय कप्तान बन गए हैं, जिनकी कप्तानी में भारत ने किसी टी20 सीरीज में एक भी मैच नहीं जीता.
10. वर्ल्ड रिकॉर्ड का अंत: इस हार के साथ ही भारत का लगातार 16 टी20 सीरीज जीतने का विश्व रिकॉर्ड टूट गया. इस सूची में पाकिस्तान 11 सीरीज जीत के साथ दूसरे स्थान पर है.