नई दिल्ली: इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेली गई शानदार शतकीय पारी के बाद रोहित शर्मा ने एक बार फिर अपने आलोचकों को करारा जवाब दिया है. हालांकि, इस दमदार प्रदर्शन के बावजूद भारतीय क्रिकेट में रोहित के भविष्य को लेकर चर्चा थमी नहीं है. सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या 39 वर्षीय रोहित शर्मा 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप में टीम इंडिया की जर्सी में नजर आएंगे? चलिए जानते है.
रोहित की कप्तानी में भारतीय टीम ने 2023 वनडे वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन किया था. हालांकि, खिताब भारत के हाथ नहीं आया, लेकिन टूर्नामेंट में टीम के प्रदर्शन और रोहित की बल्लेबाजी की जमकर तारीफ हुई थी. वनडे क्रिकेट में रोहित का रिकॉर्ड उन्हें इस फॉर्मेट के दिग्गज बल्लेबाजों में शामिल करता है. इसके बावजूद बढ़ती उम्र और फिटनेस को लेकर उनके अंतरराष्ट्रीय भविष्य पर लगातार सवाल उठ रहे हैं.
पिछले कुछ समय में भारत की वनडे सीरीज से ज्यादा चर्चा रोहित के संभावित संन्यास और 2027 वर्ल्ड कप की योजनाओं को लेकर होती रही है. बता दें, अक्टूबर 2025 से अब तक के उनके प्रदर्शन पर नजर डालें तो तस्वीर काफी अलग दिखाई देती है. पिछले 15 वनडे मुकाबलों में रोहित ने कई प्रभावशाली पारियां खेली हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 120 से ज्यादा रन की दो पारियां आईं, जबकि चार बार उन्होंने 70 से अधिक रन बनाए.
इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स वनडे में रोहित ने 138 रन की शानदार पारी खेलकर एक बार फिर साबित किया कि बड़े मंच पर उनका अनुभव कितना अहम हो सकता है. उनके इस प्रदर्शन के बाद उन अटकलों को भी झटका लगा, जिनमें कहा जा रहा था कि चयनकर्ता 2027 वर्ल्ड कप के लिए नई टीम तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं.
रोहित के भविष्य को लेकर चल रही बहस के बीच पूर्व भारतीय बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने चयनकर्ताओं को अहम सुझाव दिया है. उनका मानना है कि रोहित जैसे अनुभवी खिलाड़ी के भविष्य का फैसला सीरीज-दर-सीरीज नहीं किया जाना चाहिए. रहाणे के मुताबिक बीसीसीआई और चयनकर्ताओं को रोहित से सीधे बातचीत कर उनकी योजनाओं को समझना चाहिए. अगर टीम मैनेजमेंट चाहता है कि रोहित 2027 वर्ल्ड कप तक खेलें, तो उन्हें अभी से स्पष्ट भरोसा दिया जाना चाहिए. रहाणे का कहना है कि जब खिलाड़ी मानसिक रूप से निश्चिंत होता है, तभी वह मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर पाता है.