नई दिल्ली: भारतीय महिला क्रिकेट टीम के आगामी साउथ अफ्रीका दौरे के कार्यक्रम में बड़ा बदलाव किया गया है. क्रिकेट साउथ अफ्रीका (CSA) ने दौरे में तीन टी20 इंटरनेशनल मुकाबले और जोड़ दिए हैं. अब दोनों टीमों के बीच कुल तीनों फॉर्मेट में सात मैच खेले जाएंगे. इस दौरे में एक टेस्ट, तीन वनडे और तीन टी20 इंटरनेशनल शामिल होंगे.
टी20 सीरीज को कार्यक्रम में शामिल करने का मुख्य कारण अगले साल होने वाली पहली ICC महिला चैंपियंस ट्रॉफी है. यह टूर्नामेंट फरवरी 2027 में श्रीलंका में आयोजित होना है. साउथ अफ्रीका अपनी टीम को इस बड़े टूर्नामेंट के लिए बेहतर तरीके से तैयार करना चाहता है.
A change to India's tour of South Africa at the end of the year ahead of the 2027 Champions Trophy event 🏆https://t.co/SyL989aoQV
— ICC (@ICC) August 7, 2026
CSA के मुताबिक, भारत जैसी मजबूत टीम के खिलाफ तीन टी20 मुकाबले खेलने से दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ियों को अहम अनुभव मिलेगा. दोनों टीमें आगामी टूर्नामेंट से पहले अपनी तैयारियों को परख सकेंगी.
भारतीय महिला टीम के साउथ अफ्रीका दौरे की शुरुआत 9 दिसंबर को एकमात्र टेस्ट मैच से होगी. यह मुकाबला गकेबरहा में खेला जाएगा. इसके बाद 16 दिसंबर से तीन मैचों की वनडे सीरीज शुरू होगी. वनडे के बाद 26 दिसंबर से टी20 इंटरनेशनल सीरीज खेली जाएगी. इस तरह दौरे का अंतिम मुकाबला 30 दिसंबर को होगा.
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच महिला क्रिकेट में हाल के वर्षों में मुकाबले काफी रोमांचक रहे हैं. पिछले साल दोनों टीमें वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में आमने-सामने आई थीं, जहां भारत ने जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया था. वहीं, इस साल टी20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका ने भारत को मात दी थी.
टेस्ट: 9-12 दिसंबर, गकेबरहा
पहला वनडे: 16 दिसंबर, पार्ल
दूसरा वनडे: 19 दिसंबर, केप टाउन
तीसरा वनडे: 22 दिसंबर, ब्लोमफोंटेन
पहला टी20I: 26 दिसंबर, बेनोनी
दूसरा टी20I: 29 दिसंबर, पोटचेफस्ट्रूम
तीसरा टी20I: 30 दिसंबर, पोटचेफस्ट्रूम