मुंबई के विले पार्ले में भीषण आग, ढाई साल के बच्चे समेत 2 की मौत, 4 घायल

मुंबई के विले पार्ले में मंगलवार रात एक आवासीय इमारत की 11वीं मंजिल पर अचानक भीषण आग लग गई. हादसे में ढाई साल के बच्चे और 23 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए हैं.

Date Updated Last Updated : 12 August 2026, 09:40 AM IST
फॉलो करें:
Courtesy: Screengrab: X/@ians_india

मुंबई: मुंबई के विले पार्ले (पश्चिम) में मंगलवार रात एक आवासीय इमारत की 11वीं मंजिल में भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि कई लोग ऊपरी मंजिल पर फंस गए. दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान चलाया, लेकिन इस हादसे में ढाई साल के बच्चे और 23 वर्षीय महिला की जान चली गई. चार अन्य लोग घायल हुए हैं. अधिकारियों के मुताबिक, बैपटिस्टा रोड स्थित इमारत के 11वीं मंजिल पर बने फ्लैट नंबर 1101 और 1102 में रात करीब 10:08 बजे आग लगी. आग करीब 4,000 वर्ग फुट के हिस्से तक सीमित रही. 

मुंबई दमकल विभाग ने शुरुआत में आग को लेवल-1 की श्रेणी में रखा था. करीब आठ मिनट बाद इसे लेवल-2 की आग घोषित कर दिया गया. दमकल की कई गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने और लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का काम शुरू किया. अधिकारियों के अनुसार, इमारत की छत पर करीब 15 लोग फंसे हुए थे, जिन्हें सुरक्षित बचा लिया गया. करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद रात लगभग 1 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया. 

दो लोगों की मौत, चार की हालत स्थिर

हादसे में कुल आठ लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई. इनमें छह लोगों को नानावती अस्पताल और दो को कूपर अस्पताल ले जाया गया. नानावती अस्पताल में भर्ती छह लोगों में ढाई साल के अबीर और 23 वर्षीय अंकिता को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. वहीं पार्थ (32), हिरेन (64), यशस्वी (33) और अभिषेक का इलाज किया गया. चारों की हालत स्थिर बताई गई. इलाज के बाद यशस्वी और अभिषेक को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. कूपर अस्पताल में भर्ती दो घायलों में दमकलकर्मी मनोज सोनावणे (30) भी शामिल थे. इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई. वहीं शिवम द्विवेदी (29) को मामूली चोटें आई थीं और उन्हें भी अस्पताल से छुट्टी मिल गई.

सम्बंधित खबर