भारत मौसम विज्ञान विभाग ने रविवार रात बताया कि अगले 2-3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अरब सागर के विभिन्न हिस्सों, कोमोरिन क्षेत्र, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर में और आगे बढ़ने वाला है.
मौसम विभाग ने केरल के कई जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है:
25 मई: पतनमतिट्टा, आलाप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की, एर्नाकुलम, त्रिशूर, मलप्पुरम, कोझिकोड और वायनाड
26 मई: तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, आलाप्पुझा और एर्नाकुलम
27 मई: तिरुवनंतपुरम, कोल्लम और आलाप्पुझा
28 मई: तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पतनमतिट्टा, आलाप्पुझा, कोट्टायम, एर्नाकुलम और इडुक्की
विभाग का अनुमान है कि 28 मई से 3 जून तक केरल के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.
राजधानी दिल्ली में अगले तीन दिनों तक गर्मी बनी रहेगी. पूरे देश में कई जगहों पर भीषण गर्मी पड़ रही है. रविवार को महाराष्ट्र के ब्रह्मपुरी में तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो देश का सबसे ज्यादा तापमान था.
मौसम विभाग के अनुसार 29 मई से गर्मी में धीरे-धीरे कमी आने की उम्मीद है. अगले 7 दिनों तक मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत में लू से लेकर भीषण लू की स्थिति बनी रहेगी. पूर्वी भारत और प्रायद्वीपीय क्षेत्र में भी अगले 3-5 दिनों तक गर्मी का प्रकोप जारी रह सकता है.
राजस्थान में अगले 3-4 दिनों तक ज्यादातर इलाकों में शुष्क मौसम रहेगा. पश्चिमी राजस्थान में 26-27 मई को तापमान 46-47 डिग्री तक पहुंच सकता है. आंध्र प्रदेश में कुछ जिलों में भारी गर्मी के साथ-साथ गरज-चमक और बारिश की भी संभावना है. राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने अगले तीन दिनों के लिए भीषण लू का अलर्ट जारी किया है.