अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट! कई राज्यों में मौसम विभाग की चेतावनी, जानें आपके शहर का हाल

देशभर में इस समय मॉनसून पूरी तरह से रफ्तार पकड़ चुका है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने 5 जुलाई को देश के कई राज्यों में भारी से अत्यंत भारी बारिश की गंभीर चेतावनी जारी की है.

Date Updated Last Updated : 05 July 2026, 09:50 AM IST
फॉलो करें:
Courtesy: AI Generated

नई दिल्ली: देशभर में इस समय मॉनसून पूरी तरह से रफ्तार पकड़ चुका है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने 5 जुलाई को देश के कई राज्यों में भारी से अत्यंत भारी बारिश की गंभीर चेतावनी जारी की है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय हुआ है. इसी के प्रभाव से मध्य और पश्चिमी भारत में मॉनसून की गतिविधियां बेहद तेज हो गई हैं. जिससे कई इलाकों में बाढ़ और जलभराव का संकट खड़ा हो गया है.

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

मौसम विभाग का अनुमान है कि जुलाई महीने में कुल मिलाकर देश में सामान्य से थोड़ी कम बारिश दर्ज की जा सकती है और तापमान भी थोड़ा ऊंचा रहेगा. लेकिन स्थानीय स्तर पर होने वाली मूसलाधार बारिश लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बनने वाली है.

महाराष्ट्र में हाहाकार

पश्चिमी भारत में मॉनसून ने सबसे ज्यादा तबाही मचाई है। गुजरात, कोंकण-गोवा और मध्य महाराष्ट्र के लिए आईएमडी ने 'रेड अलर्ट' जारी किया है. महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों से हो रही लगातार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है. विभाग ने 6 जुलाई तक ऐसी ही स्थिति बने रहने की आशंका जताई है. मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जैसे तटीय जिलों में आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमें हाई अलर्ट पर हैं.

बारिश से बुरी तरह प्रभावित

मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन सेवा इस बारिश से बुरी तरह प्रभावित हुई है. डोंबिवली रेलवे स्टेशन और स्थानीय बाजार पूरी तरह जलमग्न हो चुके हैं, जबकि अमृत नगर की दुकानें पानी में डूब गई हैं. वसई की मिथागर बस्ती में सड़कें कमर तक पानी में डूबने के कारण करीब 150 परिवारों के 1,000 से अधिक लोग अपने घरों में फंस गए हैं.

उत्तर और पूर्वी भारत का हाल

उत्तर भारत की बात करें तो उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. वहीं दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इन इलाकों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है, हालांकि कुछ हिस्सों में उमस भरा मौसम बरकरार रहेगा.

भारत में मौसम का मिजाज

पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम का मिजाज कड़ा है. ओडिशा, पश्चिम बंगाल और झारखंड में भारी से अत्यधिक भारी बारिश के चलते रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इसके साथ ही असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा जैसे पूर्वोत्तर राज्यों में भी आकाशीय बिजली चमकने और भारी बारिश की चेतावनी है. मौसम विभाग ने आम लोगों को जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है.

सम्बंधित खबर