खान सर की कोचिंग के बाहर फायरिंग, कहा - कम फीस से कुछ लोगों को हो रही परेशानी

मशहुर शिक्षक खान सर के कोचिंग के बाहर फायरिंग और पत्थरबाजी की घटना सामने आई है. खान सर ने पुलिस को मामले की जानकारी देते हुए दूसरे कोचिंग के छात्रों पर आरोप लगाए हैं

Date Updated Last Updated : 03 June 2026, 11:41 AM IST
फॉलो करें:
Courtesy: AI Generated

पटना: बिहार की राजधानी पटना में मशहूर शिक्षक खान सर की कोचिंग के बाहर हुई फायरिंग और पत्थरबाजी की घटना ने इलाके में तनाव बढ़ा दिया है. मुसल्लहपुर हाट इलाके में स्थित खान क्लासेस के बाहर अचानक दो कोचिंग संस्थानों के छात्रों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसा तक पहुंच गया.

जानकारी के अनुसार, खान क्लासेस और ज्ञान बिंदु कोचिंग के छात्रों के बीच पहले कहासुनी हुई. देखते ही देखते दोनों पक्षों के छात्र और कुछ असामाजिक तत्व आमने-सामने आ गए. इसके बाद जमकर पत्थरबाजी शुरू हुई और कई राउंड फायरिंग होने का भी दावा किया गया.

गार्ड गंभीर रूप से घायल

हंगामे के दौरान खान क्लासेस के एक सुरक्षा गार्ड को गंभीर चोट लगी. पत्थर लगने से उसका सिर फट गया, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया. घटना के समय इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के दुकानदारों व राहगीरों ने अपनी जान बचाने के लिए भागना शुरू कर दिया. उपद्रवियों ने कोचिंग सेंटर के बाहर लगे बैनर और पोस्टर भी फाड़ दिए. घटना के बाद पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया.

खान सर ने लगाए गंभीर आरोप

घटना के बाद खान सर का बयान भी सामने आया. उन्होंने कहा कि उनकी कोचिंग कम फीस में बेहतर शिक्षा देती है, जिससे कुछ लोगों को परेशानी हो रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावर पास के कोचिंग संस्थान से जुड़े लोग थे. खान सर ने कहा कि उनके ऑफिस में तोड़फोड़ की गई और फायरिंग भी हुई. उन्होंने दावा किया कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है और फुटेज पुलिस को सौंप दिए गए हैं.

पुलिस कर रही जांच

कदमकुआं थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि फिलहाल घायल गार्ड का इलाज चल रहा है और स्थानीय लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि वीडियो फुटेज के आधार पर दोषियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद से इलाके में तनाव बना हुआ है, जबकि पुलिस लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है.

सम्बंधित खबर