13 लाख फॉलोअर्स वाली TikToker शमसू बीबी की गोली मारकर हत्या, बाइक सवारों ने कार पर बरसाईं गोलियां

पाकिस्तान की 13 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स वाली टिकटॉक स्टार शमसू बीबी की टैक्सिला में मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी.

Date Updated Last Updated : 17 August 2026, 11:49 AM IST
फॉलो करें:
Courtesy: X @zahaibnabeel

नई दिल्ली: पाकिस्तान की चर्चित टिकटॉक स्टार शमसू बीबी, जिन्हें आयशा गिलामाना के नाम से भी जाना जाता है, उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई. 28 वर्षीय शमसू बीबी को टैक्सिला इलाके में मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने निशाना बनाया. बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टिकटॉक पर उनके 13 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे. घटना के बाद उनके परिवार और इलाके में सनसनी फैल गई है.

घर से निकलते ही हुआ हमला

पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, यह घटना 14 अगस्त 2026 को हुई. शमसू बीबी के पिता फजल साहिबजादा ने बताया कि कशिश उर्फ काशी नाम के एक व्यक्ति ने उनकी बेटी को फोन करके घर के बाहर बुलाया था.

इसके बाद शमसू अपनी 15 वर्षीय बहन असीमा और भाई नैमतुल्लाह के साथ कार से निकली. परिवार के मुताबिक, पेट्रोल पंप के पास मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात युवकों ने उनकी कार को निशाना बनाकर गोलियां चला दी.

गले में लगी गोली, मौके पर मौत

फायरिंग के दौरान एक गोली शमसू बीबी के गले में लगी. गंभीर चोट के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई. गोलियों की आवाज और अचानक हुई फायरिंग से कार का संतुलन बिगड़ गया और वह दूसरी गाड़ी से टकरा गई. हादसे में उनकी छोटी बहन असीमा भी गंभीर रूप से घायल हो गईं. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया.

टिकटॉक पर थीं बेहद लोकप्रिय

परिवार के मुताबिक, शमसू बीबी पिछले करीब तीन से चार वर्षों से टिकटॉक पर वीडियो बना रही थीं. उनके अकाउंट पर 13 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे, जबकि उनके वीडियो को करोड़ों लाइक्स मिल चुके थे. हत्या के बाद परिवार ने उनका टिकटॉक अकाउंट निष्क्रिय कर दिया है.

पैसे के लेनदेन को लेकर धमकी का आरोप

परिवार ने हत्या के पीछे वित्तीय विवाद की आशंका जताई है. पिता के अनुसार, शमसू बीबी का कौसर और जावेद उर्फ शाहीन नाम के लोगों के साथ पैसों का लेनदेन था. वह उनसे अपने पैसे वापस मांग रही थीं और इसी वजह से उन्हें कथित तौर पर जान से मारने की धमकियां भी मिली थी.

परिवार का आरोप है कि हत्या इन्हीं लोगों ने या उनके कहने पर करवाई हो सकती है. शिकायत में काशी की भूमिका पर भी संदेह जताया गया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान का प्रयास जारी है.

सम्बंधित खबर