होर्मुज विवाद में ईरान का ट्रंप पर पलटवार, कहा- ‘भ्रमित व्यक्ति के भ्रम को ठीक करेंगे’

ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नियंत्रण के दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है. ईरानी अधिकारियों ने ट्रंप को “भ्रमित” बताते हुए कहा कि होर्मुज को लेकर उनका भ्रम जल्द दूर कर दिया जाएगा.

Date Updated Last Updated : 19 August 2026, 10:31 AM IST
फॉलो करें:
Courtesy: AI Generated

नई दिल्ली: स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक दावे पर ईरान ने कड़ा पलटवार किया है. ट्रंप ने रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य पर अमेरिकी नियंत्रण की बात कही थी. इसके साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया पर एक AI से बनाई गई तस्वीर भी साझा की, जिसमें इसे “NEW U.S. Territory” बताया गया.

ट्रंप ने शेयर की AI तस्वीर

डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर होर्मुज जलडमरूमध्य की एक AI-जनरेटेड तस्वीर पोस्ट की. तस्वीर में ईरान और अरब प्रायद्वीप के बीच मौजूद इस समुद्री मार्ग को नीले रंग में दिखाया गया था और उसके ऊपर “NEW U.S. Territory” लिखा था.

ट्रंप पहले भी होर्मुज पर अमेरिकी नियंत्रण का दावा कर चुके हैं. उन्होंने कहा था कि नाकाबंदी के जरिए अमेरिका का इस जलमार्ग पर नियंत्रण है और इसे अमेरिकी क्षेत्र घोषित करने का विचार उन्हें पसंद है.

ईरान ने ट्रंप को दिया करारा जवाब

ट्रंप के दावे पर ईरान के उप विदेश मंत्री काजेम ग़रीबाबादी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने ट्रंप के दावे को भ्रम बताते हुए कहा कि होर्मुज को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति की गलतफहमी जल्द दूर हो जाएगी. गरीबाबादी ने तंज कसते हुए कहा कि या तो ट्रंप का भ्रम खुद दूर होगा या फिर ईरान “इस भ्रमित व्यक्ति के भ्रम को ठीक करेगा.”

SNSC प्रमुख ने भी साधा निशाना

ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के प्रमुख मोहसिन रेजाई ने भी ट्रंप के बयान पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि जिस अमेरिका के लिए होर्मुज को दोबारा खोलना मुश्किल है, उसका इस जलडमरूमध्य पर मालिकाना हक जताना वास्तविकता से काफी दूर है.

ईरानी अधिकारियों के बयानों से साफ है कि तेहरान होर्मुज पर अमेरिकी नियंत्रण के किसी भी दावे को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं है. इस विवाद ने दोनों देशों के बीच पहले से मौजूद तनाव को और बढ़ा दिया है.

सम्बंधित खबर