शेफाली जरीवाला की मौत पर फैली अफवाहों पर बोले पराग त्यागी, अफवाहें 'मत फैलाओ यार'

पराग त्यागी ने पत्नी शेफाली जरीवाला की मौत को लेकर फैल रही ब्यूटी इंजेक्शन वाली अफवाहों पर नाराजगी जताई है. उन्होंने कहा कि शेफाली पूरी तरह फिट थीं और लोगों से अपील की कि बिना सच जाने अफवाहें न फैलाएं.

Date Updated Last Updated : 14 May 2026, 01:18 PM IST
फॉलो करें:
Courtesy: X @AstuteGaba

टीवी और म्यूजिक इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्री शेफाली जरीवाला की अचानक मौत ने सभी को हैरान कर दिया था. महज 42 साल की उम्र में उनके निधन के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की अटकलें लगाई जाने लगीं. कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि शेफाली ब्यूटी इंजेक्शन लेती थीं और यही उनकी मौत की वजह बना. अब उनके पति पराग त्यागी ने इन खबरों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है.

पराग त्यागी ने हाल ही में दिए इंटरव्यू में पत्नी की मौत से जुड़ी अफवाहों को पूरी तरह खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि लोग बिना सच जाने गलत बातें फैला रहे हैं. पराग ने भावुक अंदाज में कहा कि शेफाली अपनी जिंदगी के उस दौर में थीं, जब वह सबसे ज्यादा फिट और हेल्दी थीं.

ब्यूटी इंजेक्शन की खबरों पर भड़के पराग

फिल्मी ज्ञान को दिए इंटरव्यू में पराग त्यागी ने उन दावों को गलत बताया, जिनमें कहा गया था कि शेफाली ने भूखे पेट कोई ब्यूटी इंजेक्शन लिया था. उन्होंने कहा, 'हम लोग सब कुछ खाते हैं. हमें भूखे रहने की क्या जरूरत है.'

उन्होंने आगे कहा कि भूखे रहने से चेहरा और शरीर कमजोर हो जाता है. पराग ने शेफाली के फेयरनेस या जवान दिखने के लिए इंजेक्शन लेने की बातों को भी खारिज किया. उन्होंने कहा, 'उन्हें और गोरी होने की क्या जरूरत थी? प्लीज मुझे भी बताइए वो कौन सा इंजेक्शन होता है, जो जवान रखता है. अगर आज ऐसा होता तो रतन टाटा जी भी जिंदा होते.'

'अफवाहें मत फैलाओ यार'

पराग ने कहा कि अब वह इस सच्चाई को स्वीकार कर चुके हैं कि शेफाली की मौत तय थी. उन्होंने कहा कि भले ही दोनों का साथ शारीरिक रूप से कम समय का रहा हो, लेकिन आत्माएं हमेशा जुड़ी रहेंगी.

लोगों से अपील करते हुए उन्होंने कहा, 'ये सब मत करो यार.' पराग ने कहा कि किसी के जाने के बाद इस तरह की अफवाहें परिवार को और ज्यादा तकलीफ देती हैं.

मुश्किल वक्त में डॉग सिम्बा बना सहारा

आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में पराग त्यागी ने बताया कि उनके पेट डॉग सिम्बा ने इस मुश्किल दौर में उन्हें भावनात्मक सहारा दिया. उन्होंने कहा कि सिम्बा की मौजूदगी और उसका साथ उन्हें मानसिक रूप से मजबूत बनाए रखने में मदद कर रहा है.

पराग ने यह भी कहा कि वह सिम्बा को सिर्फ हीलिंग का जरिया नहीं मानते, बल्कि परिवार का हिस्सा समझते हैं.

कार्डियक अरेस्ट से हुई थी मौत

27 जून 2025 को शेफाली जरीवाला की अचानक मौत की खबर सामने आई थी. रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया था. इससे पहले शेफाली अपने पुराने इंटरव्यू में बता चुकी थीं कि कम उम्र में उन्हें एपिलेप्सी की बीमारी थी और 15 साल की उम्र में उन्हें पहली बार मिर्गी का दौरा पड़ा था.

कई स्वास्थ्य समस्याओं से जूझने के बावजूद शेफाली खुद को फिट रखती थीं. यही वजह है कि उनके अचानक निधन ने फैंस को गहरा झटका दिया.

सम्बंधित खबर