नई दिल्ली: हिंदी सिनेमा के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान ने 14 मार्च को अपना 61वां जन्मदिन बेहद सादगी के साथ अपने परिवार के बीच मनाया. अपने घर पर आयोजित इस निजी समारोह में उनके करीबी दोस्त और परिवार के सदस्य मौजूद रहे. इस खास मौके की कुछ झलकियां बाद में सोशल मीडिया पर सामने आईं, जिसने फैंस का ध्यान अपनी खींच लिया. इन फोटो और वीडियो के सामने आते ही आमिर के बर्थडे ने खासी चर्चा बटोरी.
इस छोटी लेकिन खास पार्टी में आमिर के परिवार के लगभग सभी अहम सदस्य मौजूद थे. उनकी पहली पत्नी रीना दत्ता, बेटे जुनेद खान और बेटी आइरा खान के अलावा उनकी दूसरी पत्नी किरण राव भी बेटे आजाद राव खान के साथ बर्थडे में शामिल हुईं. इन सबके बीच आमिर की पार्टनर गौरी स्प्रैट भी इस मौके पर उनके साथ नजर आईं.
इस जन्मदिन समारोह की एक झलक तब सामने आई जब पूर्व भारतीय क्रिकेटर इरफान पठान ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया. इस वीडियो में आमिर खान अपने परिवार और दोस्तों के बीच केक काटते दिखाई देते हैं. आसपास मौजूद सभी लोग उन्हें जन्मदिन की बधाई देते हुए नजर आ रहे हैं.
वीडियो में आमिर सबसे पहले केक का टुकड़ा अपने बेटे आजाद को खिलाते हैं. इसके बाद वह अपनी बेटी इरा और पार्टनर गौरी स्प्रैट को भी केक खिलाते हुए दिखाई देते हैं.
वीडियो साझा करते हुए इरफान पठान ने आमिर खान को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं. साथ ही उन्होंने इरा खान के सामाजिक काम की भी सराहना की. इरा अगात्सु फाउंडेशन (Agatsu Foundation) नाम की संस्था चलाती हैं, जो मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने और जरूरतमंद लोगों को सहयोग देने के उद्देश्य से काम करती है.
इस निजी समारोह में आमिर के बेहद करीबी लोग नजर आए. जिनमें परिवार के अलावा फिल्म इंडस्ट्री के कुछ जाने-माने चेहरे भी मौजूद थे. अभिनेता विक्की कौशल, रितेश देशमुख अपनी पत्नी जेनेलिया डिसूज़ा के साथ और फिल्म निर्माता रितेश सिधवानी भी इस समारोह में नजर आए.