महोबा: उत्तर प्रदेश के महोबा जिला अस्पताल से सामने आया एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. सीसीटीवी फुटेज में इमरजेंसी वार्ड में भर्ती एक मरीज और उससे मिलने आई एक युवती को अस्पताल के बेड पर अनुचित हरकतें करते हुए देखा गया. घटना सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था और वार्ड में निगरानी को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं.
जानकारी के मुताबिक, मामला कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र के सेला गांव का है. यहां का रहने वाला 18 वर्षीय नवल किशोर कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाने के बाद इलाज के लिए जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था. डॉक्टर उसका इलाज कर रहे थे. इसी दौरान उससे मिलने एक युवती अस्पताल पहुंची. कुछ देर बाद दोनों अस्पताल के बेड पर ही अनुचित हरकतें करने लगे, जिससे वार्ड में मौजूद अन्य मरीज और उनके परिजन असहज हो गए.
इमरजेंसी वार्ड में लगे सीसीटीवी कैमरे में यह पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई. बाद में इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे. लोगों का कहना है कि ऐसे संवेदनशील स्थान पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी अधिक सख्त होनी चाहिए.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय वार्ड में कई मरीज और उनके तीमारदार मौजूद थे. दोनों की हरकतें देखकर लोगों ने नाराजगी जताई और अस्पताल कर्मचारियों को इसकी सूचना दी. उनका कहना था कि अस्पताल जैसे सार्वजनिक स्थान पर अनुशासन और मर्यादा का पालन होना जरूरी है, ताकि दूसरे मरीजों को किसी तरह की असुविधा न हो.
ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर दीपक ने बताया कि सूचना मिलते ही सुरक्षा गार्डों को मौके पर भेजा गया. चूंकि युवक जहरीला पदार्थ खाने के कारण गंभीर हालत में भर्ती था, इसलिए उसे तुरंत अस्पताल से बाहर नहीं किया जा सकता था. प्राथमिक उपचार के बाद उसे दूसरे वार्ड में शिफ्ट कर सुरक्षा कर्मियों की निगरानी में रखा गया. फिलहाल, घटना के वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन पूरे मामले की समीक्षा कर रहा है और भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है.