जुड़वां भाई ने ही बहन की चाकू से की हत्या! 'सरप्राइज' के बहाने मां को बुलाकर किया हमला, सोशल मीडिया लव अफेयर बना वजह?

इंजीनियर युवक ने पारिवारिक विवाद के बाद अपनी ही जुड़वां बहन की हत्या कर दी और बाद में अपनी मां पर भी हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि आरोपी ने अपनी मां को 'सरप्राइज' देने के बहाने घर बुलाया था.

Date Updated Last Updated : 14 March 2026, 04:58 PM IST
फॉलो करें:
Courtesy: Pinterest

मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया. एक इंजीनियर युवक ने पारिवारिक विवाद के बाद अपनी ही जुड़वां बहन की हत्या कर दी और बाद में अपनी मां पर भी हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि आरोपी ने अपनी मां को 'सरप्राइज' देने के बहाने घर बुलाया था, लेकिन वहां जो हुआ उसने परिवार की जिंदगी हमेशा के लिए बदल दी.

पुलिस के मुताबिक आरोपी हार्दिक और उसकी जुड़वां बहन हिमशिखा, दोनों 25 वर्ष के थे और कुछ समय से गुरुग्राम में इंजीनियर के रूप में काम कर रहे थे. हिमाशिखा नौकरी के साथ-साथ एमबीए की पढ़ाई भी कर रही थीं. वहीं हार्दिक करीब डेढ़ साल पहले तक एक निजी कंपनी में काम करता था, लेकिन बाद में उसने नौकरी छोड़ दी और अधिकतर समय सोशल मीडिया पर बिताने लगा.

व्यवहार में आया अचानक बदलाव

परिवार के सदस्यों के अनुसार, पिछले कुछ महीनों में हार्दिक के व्यवहार में काफी बदलाव देखने को मिला था. वह देर रात तक मोबाइल फोन पर  ही समय बिताता था और ऑनलाइन बातचीत में व्यस्त रहता था. इसी दौरान उसकी सोशल मीडिया के माध्यम से पुणे की एक मुस्लिम महिला से दोस्ती हुई और वह उससे शादी करना चाहता था.

करियर और रिश्ते को लेकर हुआ विवाद

पुलिस जांच में सामने आया कि हिमाशिखा और उनकी मां नीलिमा अक्सर हार्दिक को करियर पर ध्यान देने की सलाह देती थीं. 6 मार्च की शाम को भी इसी मुद्दे पर घर में बातचीत हुई, जो धीरे-धीरे बहस में तबदील हो गई.

बताया जाता है कि गुस्से में आकर हार्दिक ने रसोई में रखा चाकू उठा लिया और अपनी बहन पर हमला कर दिया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, हिमाशिखा के शरीर पर कई गंभीर चोटें पाई गईं, जिनसे उनकी मौत हो गई.

मां को भी बनाया निशाना

घटना के बाद हार्दिक अपनी मां नीलिमा के कार्यालय पहुंचा. वह एक बीमा कंपनी में सहायक प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं. उसने उन्हें घर चलने के लिए कहा और 'सरप्राइज' का जिक्र किया. जब नीलिमा घर पहुंचीं, तो आरोपी बेटे ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं हैं.

फिलहाल उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है और डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत अब स्थिर है. फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया.

सम्बंधित खबर