नई दिल्ली: मध्यप्रदेश के जबलपुर में गुरुवार (30 अप्रैल 2026) को बड़ा हादसा हो गया। बरगी बांध में 31 पर्यटकों को लेकर जा रहा एक क्रूज अचानक पानी में डूब गया। हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई। जबलपुर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने घटना की पुष्टि की है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इस दर्दनाक हादसे में 4 यात्रियों की मौत हो गई है। वहीं 15 लोग किसी तरह तैरकर बाहर निकल आए। कई यात्री अब भी लापता बताए जा रहे हैं। प्रशासन और SDRF की टीमें मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।
बताया जा रहा है कि क्रूज में क्षमता से ज्यादा लोग सवार थे। बरगी बांध में सैर के दौरान अचानक संतुलन बिगड़ा और क्रूज पलट गया। कुछ यात्रियों ने लाइफ जैकेट पहनी थी, जिससे उनकी जान बच गई। लेकिन कई लोग पानी में डूब गए। स्थानीय नाविकों ने तुरंत मदद शुरू की और 15 लोगों को सुरक्षित निकाला।
हादसे की खबर मिलते ही पुलिस और प्रशासन के बड़े अधिकारी मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से लापता लोगों की तलाश की जा रही है। अंधेरा होने की वजह से रेस्क्यू में दिक्कत आ रही है। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह खुद मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
बरगी बांध जबलपुर का बड़ा पर्यटन स्थल है। यहां हर दिन सैकड़ों सैलानी बोटिंग और क्रूज का मजा लेने आते हैं। इस हादसे के बाद सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े हो गए हैं। हादसे की वजह की जांच शुरू कर दी गई है।