चेन्नई: तमिलनाडु की राजनीति में आने वाले विधानसभा चुनावों से पहले एक नई हलचल देखने को मिल रही है. सियासी गलियारों में चर्चा तेज है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कजगम (TVK) के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत लगभग अंतिम चरण में पहुंच गई है.
अगर यह समझौता हो जाता है, तो राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है, क्योंकि विजय की लोकप्रियता और उनके प्रशंसकों का बड़ा आधार चुनावी समीकरण को प्रभावित कर सकता है.
सूत्रों के मुताबिक, भाजपा ने गठबंधन की स्थिति में विजय को बड़ा ऑफर दिया है. कहा जा रहा है कि यदि चुनाव में गठबंधन को जीत मिलती है, तो विजय को राज्य का उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है. इसके साथ ही सीट बंटवारे को लेकर भी एक प्रस्ताव सामने आया है, जिसके तहत भाजपा ने टीवीके को लगभग 80 सीटें देने की पेशकश की है. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि तमिलनाडु में सीटों का यह बंटवारा किसी भी नए गठबंधन के लिए काफी अहम हो सकता है. हालांकि इस प्रस्ताव पर अभी अंतिम फैसला होना बाकी है.
जहां भाजपा की ओर से उपमुख्यमंत्री पद की पेशकश की बात सामने आ रही है, वहीं विजय की महत्वाकांक्षा इससे आगे बताई जा रही है. सूत्रों का कहना है कि उनकी नजर मुख्यमंत्री पद पर है और यही मुद्दा बातचीत में सबसे अहम बन गया है. विजय हाल ही में राजनीति में सक्रिय हुए हैं और उन्होंने अपनी पार्टी को राज्य की राजनीति में एक नए विकल्प के रूप में पेश करने की कोशिश की है. ऐसे में उनके समर्थकों को उम्मीद है कि वे सीधे शीर्ष नेतृत्व की भूमिका में नजर आएंगे.
भाजपा लंबे समय से तमिलनाडु में अपने राजनीतिक आधार को मजबूत करने की कोशिश कर रही है. इसी रणनीति के तहत पार्टी अभिनेता विजय और उनकी पार्टी को एनडीए में शामिल करने के लिए प्रयास कर रही है. सूत्रों के अनुसार, भाजपा के रणनीतिकारों का मानना है कि विजय का प्रशंसक वर्ग राज्यभर में फैला हुआ है.