संगरूर: श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को ऐतिहासिक और श्रद्धापूर्वक मनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शुक्रवार को 50 मोबाइल डॉक्यूमेंट्री वैनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. ये वैनें गुरु जी के समानता, सामाजिक न्याय, प्रभु भक्ति और विश्व बंधुत्व के शाश्वत संदेश को पंजाब के कोने-कोने तक पहुंचाएंगी. इस विशेष अभियान के तहत एलईडी स्क्रीन से लैस मोबाइल वैनों के माध्यम से पंजाब के सभी 23 जिलों के लगभग 13,000 गांवों में श्री गुरु रविदास जी महाराज के जीवन, दर्शन और पवित्र शिक्षाओं पर आधारित 30 मिनट की डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शित की जाएगी. इसका उद्देश्य हर घर, विशेषकर युवा पीढ़ी, को गुरु जी के समानता और भेदभाव रहित समाज के संदेश से प्रेरित करना है.
यह पहल भगवंत मान सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे वर्षभर के कार्यक्रमों का महत्वपूर्ण हिस्सा है. सरकार ने गुरु जी की शाश्वत विरासत को सम्मान देने और उनके संदेश के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए 100 करोड़ रुपये का बजट भी निर्धारित किया है.
इस अवसर को गौरवपूर्ण बताते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह पहल श्री गुरु रविदास जी महाराज के प्रति प्रदेश की अटूट श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक है. उन्होंने कहा, “श्री गुरु रविदास जी महाराज के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करने के लिए इस पवित्र अभियान की शुरुआत करना हम सभी के लिए गर्व की बात है. मैं स्वयं को सौभाग्यशाली मानता हूं कि मुझे श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के बाद अब श्री गुरु रविदास जी महाराज का 650वां प्रकाश पर्व मनाने का अवसर मिल रहा है.”
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को भव्य और ऐतिहासिक रूप से मनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा, “इस पावन अवसर के लिए 100 करोड़ रुपये का बजट आरक्षित किया गया है. गुरु जी के मानवता, समानता और भाईचारे के संदेश को दुनिया के हर कोने तक पहुंचाना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है.”
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में भी श्री गुरु रविदास जी महाराज की शिक्षाएं समाज के लिए उतनी ही प्रासंगिक हैं. उन्होंने कहा, “गुरु जी ने समूची मानवता के कल्याण, सामाजिक समानता और भाईचारे का संदेश दिया. उन्होंने ऐसे समाज की कल्पना की, जहां किसी भी व्यक्ति के साथ भेदभाव न हो और हर इंसान सम्मानपूर्वक जीवन जी सके.”
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार गुरु जी के आदर्शों और शिक्षाओं से प्रेरित समाज के निर्माण के लिए लगातार कार्य कर रही है. मुख्यमंत्री ने कहा, “श्री गुरु रविदास जी महाराज महान आध्यात्मिक मार्गदर्शक, गरीबों और वंचित वर्ग के मसीहा थे. उन्होंने हमें सत्य, समानता और मानव सेवा का मार्ग दिखाया. यह प्रकाश पर्व हमें ऐसे समाज के निर्माण के लिए पुनः संकल्प लेने का अवसर देता है, जहां प्रत्येक व्यक्ति सम्मान और स्वाभिमान के साथ जीवन जी सके.”
इस विशेष अभियान की जानकारी साझा करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बताया कि श्री गुरु रविदास जी महाराज के जीवन, दर्शन और शिक्षाओं को घर-घर तक पहुंचाने के लिए 50 मोबाइल डॉक्यूमेंट्री वैनों को रवाना किया गया है. उन्होंने कहा, “ये वैनें पंजाब के सभी 23 जिलों के करीब 13,000 गांवों में जाकर 30 मिनट की विशेष डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन करेंगी. प्रत्येक वैन में 12 फुट × 8 फुट की बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई है. यह डॉक्यूमेंट्री संक्षिप्त होने के साथ-साथ अत्यंत प्रभावशाली है, जो लोगों तक गुरु जी की शिक्षाओं को सरल और प्रेरणादायक ढंग से पहुंचाएगी.”
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य श्री गुरु रविदास जी महाराज के सामाजिक समानता, मानवता और प्रभु भक्ति के संदेश को प्रत्येक घर तक पहुंचाना है. उन्होंने कहा, “इस डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से राज्य सरकार विशेष रूप से युवा पीढ़ी को गुरु जी की शिक्षाओं से जोड़ना चाहती है, ताकि वे समानता, सद्भाव और सामाजिक न्याय पर आधारित समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकें.”
उन्होंने कहा कि यह डॉक्यूमेंट्री श्री गुरु रविदास जी महाराज को सच्ची श्रद्धांजलि है, जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन जाति-पाति के भेदभाव और सामाजिक असमानता जैसी कुरीतियों को समाप्त करने के लिए समर्पित कर दिया. इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह तथा तरुनप्रीत सिंह सौंद भी उपस्थित रहे.