मुंबई: T20 वर्ल्ड कप 2026 का पांचवां मैच क्रिकेट फैंस के लिए बेहद रोमांचक साबित हुआ. मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मैच में इंग्लैंड ने कड़ी टक्कर के बाद नेपाल को 4 रनों से हरा दिया. मैच का फैसला आखिरी गेंद पर हुआ, जिससे स्टेडियम में मौजूद दर्शक अपनी सीटों पर बैठे-बैठे सांस रोके हुए थे. नेपाली टीम ने आखिर तक हार नहीं मानी. मजबूत इंग्लिश टीम को जीत हासिल करने के लिए अपना पूरा जोर लगाना पड़ा.
इस मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. हालांकि, इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही. दूसरे ओवर में ओपनर फिल साल्ट सिर्फ 5 रन के कुल स्कोर पर आउट हो गए. इसके बाद कप्तान जोस बटलर ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन वह भी ज्यादा देर तक टिक नहीं पाए. बटलर ने 17 गेंदों में 26 रन बनाए. पांचवें ओवर में अपना विकेट गंवा दिया. शुरुआती झटकों के बाद, जैकब बेथेल और हैरी ब्रूक ने इंग्लैंड की कमान संभाली.
जैकब बेथेल ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए शानदार अर्धशतक बनाया. उनके साथ हैरी ब्रूक ने भी तेजी से रन बनाए. दोनों बल्लेबाजों के बीच अच्छी साझेदारी देखने को मिली, जिसकी बदौलत इंग्लिश टीम एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही. इन दोनों के अर्धशतकों की बदौलत इंग्लैंड ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 184 रन बनाए. नेपाल के लिए दीपेंद्र सिंह ऐरी और नंदन यादव सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने दो-दो विकेट लिए. संदीप लामिछाने और शेर मल्ला को एक-एक विकेट मिला.
Victory in Mumbai 🦁
— England Cricket (@englandcricket) February 8, 2026
A nail-biter in our @T20WorldCup opener with Nepal 🏏
Match Centre: https://t.co/mOHOKi4lxY pic.twitter.com/L6mhoOekk7
185 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए नेपाली टीम ने शानदार शुरुआत की. टीम को पहला झटका चौथे ओवर में लगा. आसिफ शेख 37 रन के स्कोर पर आउट हो गए. उनके आउट होने के बाद, कुशल भुर्तेल भी ज्यादा देर नहीं टिक पाए और टीम का टोटल स्कोर 42 रन होने पर पवेलियन लौट गए. इसके बाद, कप्तान रोहित पौडेल और दीपेंद्र सिंह ऐरी ने पारी संभाली. उन्होंने एक अच्छी पार्टनरशिप की. 12वें ओवर में नेपाल का स्कोर 100 रन के पार पहुंच गया.
15वें ओवर में 124 रन के स्कोर पर दीपेंद्र सिंह का विकेट गिर गया, जो नेपाल के लिए एक बड़ा झटका था. फिर 16वें ओवर में कप्तान रोहित पौडेल भी आउट हो गए. उस समय टीम का स्कोर 126 रन था. इसके बाद आरिफ शेख भी 146 रन के टोटल स्कोर पर आउट हो गए, लेकिन मैच का रोमांच अभी खत्म नहीं हुआ था. लोकेश बम ने मोर्चा संभाला और 18वें ओवर में जोफ्रा आर्चर के ओवर में दो शानदार छक्के लगाए. इसका मतलब था कि नेपाल को आखिरी दो ओवर में जीतने के लिए 24 रन चाहिए थे.
आखिरी दो ओवर बहुत रोमांचक थे. 19वें ओवर में नेपाल ने चौकों, वाइड और सिंगल से रन बनाए, लेकिन ओवर की आखिरी गेंद पर गुलशन झा बोल्ड हो गए. आखिरी ओवर में नेपाल को 10 रन चाहिए थे. लोकेश बम ने पूरी कोशिश की, लेकिन आखिरी गेंद पर 6 रन चाहिए थे, और वह सिर्फ एक रन ही बना पाए. इसके साथ ही इंग्लैंड ने मैच 4 रन से जीत लिया.