पंजाब: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों पर राज्य में सुरक्षित माहौल और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पंजाब पुलिस ने एक बड़ी मुहिम शुरू की है. इसी कड़ी में पंजाब के डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस गौरव यादव ने आज राज्य के सभी फील्ड यूनिटों, पुलिस कमिश्नरों और सीनियर पुलिस सुपरिंटेंडेंट को पूरे पंजाब में पुलिस की मौजूदगी और गश्त बढ़ाने के कड़े निर्देश दिए हैं. डीजीपी ने साफ किया है कि रणनीतिक नाकों, मोबाइल पेट्रोलिंग और वाहनों की सघन चेकिंग के जरिए जनता में सुरक्षा की भावना को मजबूत किया जाएगा और आपराधिक तत्वों के मंसूबों को नाकाम किया जाएगा.
उच्च स्तरीय वर्चुअल मीटिंग में समीक्षा
डीजीपी गौरव यादव ने चंडीगढ़ स्थित अपने कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए एक राज्य स्तरीय उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की. इस बैठक में जिलों और कमिश्नरेटों के पर्यवेक्षण अधिकारियों के रूप में तैनात सीनियर स्पेशल डीजीपी, एडिशनल डीजीपी, आईजीपी, रेंज डीआईजी सहित सभी जिलों के कप्तान शामिल हुए. बैठक का मुख्य एजेंडा पंजाब सरकार की प्राथमिकताओं के आधार पर अपराध की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करना और जमीनी स्तर पर पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाना था. डीजीपी ने सभी जिला पुलिस प्रमुखों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अधिकतम पुलिस बल की विजिबिलिटी (मौजूदगी) सुनिश्चित करें.
जनता के साथ बढ़ेगा आपसी तालमेल
लोक-केंद्रित पुलिसिंग व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए डीजीपी ने सभी सीपी और एसएसपी को जनता के बीच जाने के निर्देश दिए हैं. पुलिस और आम नागरिकों के बीच विश्वास की खाई को पाटने के लिए जिला पुलिस प्रमुखों को स्थानीय व्यापारिक एसोसिएशनों, संभ्रांत नागरिकों और ग्राम रक्षा समितियों के साथ लगातार बैठकें आयोजित करने को कहा गया है. ताकि पुलिस-पब्लिक पार्टनरशिप के जरिए अपराध पर लगाम लगाई जा सके.
मिडिल-ईस्ट से पाकिस्तान जा रहे ड्रग फंड पर वार
बैठक के दौरान डीजीपी ने पंजाब सरकार की दो सबसे बड़ी जिम्मेदारी 'युद्ध नशियां विरुद' (नशे के खिलाफ जंग) और 'गैंगस्टरां ते पर वार' (गैंगस्टरों पर कार्रवाई) की प्रगति का बारीकी से आकलन किया. डीजीपी ने बताया कि पंजाब पुलिस अब अवैध हवाला ऑपरेटरों को सीधे तौर पर निशाना बना रही है. डीजीपी गौरव यादव ने कहा, हमारी जांच और खुफिया टीमें अब उन मनी सप्लायर्स और वित्तीय नेटवर्कों पर ध्यान केंद्रित कर रही हैं जो मिडिल-ईस्ट देशों के रास्तों का इस्तेमाल कर अवैध हवाला नेटवर्क के जरिए ड्रग्स की फंडिंग पाकिस्तान भेज रहे हैं. नशे के इस पूरे कारोबारी चक्र और मनी ट्रेल को पूरी तरह से खत्म किया जाएगा.