मान सरकार का बड़ा ऐलान, पंजाब की महिलाओं को 1 अगस्त से मिलेगी आर्थिक मदद

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने घोषणा की है कि आगामी 1 अगस्त से राज्य की 40 लाख महिलाएं सम्मान राशि प्राप्त करने के लिए पंजीकरण कराएंगी.

Date Updated Last Updated : 30 July 2026, 10:35 AM IST
फॉलो करें:

रूपनगर: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने घोषणा की है कि आगामी 1 अगस्त से राज्य की 40 लाख महिलाएं सम्मान राशि प्राप्त करने के लिए पंजीकरण कराएंगी. इसके तहत सामान्य वर्ग की पात्र महिलाओं को 3,000 रुपये और अनुसूचित जाति (SC) समुदाय की महिलाओं को 4,500 रुपये की वित्तीय सहायता सीधे खातों में ट्रांसफर की जाएगी.

‘एक शाम भगवान शिव के नाम’

रूपनगर के सरकारी कॉलेज मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय धार्मिक कार्यक्रम ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मुख्यमंत्री मान ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता का पैसा जनकल्याणकारी योजनाओं के जरिए वापस जनता तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे विरोधी दल बौखलाहट में हैं.

आपसी भाईचारे पर दिया जोर

विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की धरती पर हर धर्म और समुदाय के लोग मिल-जुलकर रहते हैं. उन्होंने जोर देकर कहा, 'पंजाब की उपजाऊ मिट्टी में सब कुछ फल-फूल सकता है, लेकिन नफरत के बीज यहां कभी अंकुरित नहीं हो सकते.' उन्होंने बताया कि राज्य सरकार राम नवमी, गुरुपर्व, हनुमान जयंती, ईद और शहीदी समागम जैसे सभी पर्व पूरे उत्साह और साझा सद्भाव के साथ मनाती है.

'मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना' का विस्तार

सरकार की धर्मनिरपेक्ष नीति और जनहितैषी पहलों का जिक्र करते हुए सीएम मान ने बताया कि 'मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना' के तहत श्रद्धालुओं को श्री हरिमंदिर साहिब, नैना देवी, खाटू श्याम और हरिद्वार जैसे धार्मिक स्थलों की मुफ्त यात्रा कराई जा रही है. उन्होंने श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस और श्री गुरु रविदास जी के आगामी 650वें प्रकाश पर्व के भव्य आयोजनों की प्रतिबद्धता भी दोहराई.

भक्तिमय माहौल में उमड़ा जनसैलाब

'हर-हर महादेव' के जयकारों के बीच आयोजित इस भजन संध्या में प्रसिद्ध गायक हंसराज रघुवंशी ने अपनी सुरीली आवाज में शिव भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया. मुख्यमंत्री ने युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व कौशल प्रदान करने और एक 'रंगला' तथा नशा-मुक्त पंजाब बनाने के संकल्प का आह्वान किया.

सम्बंधित खबर