चंडीगढ़: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने आगामी धान सीजन को लेकर किसानों के लिए बड़ी तैयारी पूरी कर ली है. राज्य सरकार ने साफ किया है कि धान की रोपाई के दौरान किसानों को किसी भी तरह की बिजली समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा और हर कृषि मोटर कनेक्शन को प्रतिदिन 8 घंटे से अधिक निर्बाध बिजली उपलब्ध करवाई जाएगी.
बिजली मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने कहा कि सरकार कृषि क्षेत्र को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है. उन्होंने बताया कि पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) ने धान सीजन शुरू होने से पहले सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं, ताकि किसान बिना किसी रुकावट के धान की रोपाई कर सकें.
बिजली मंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि सरकार द्वारा जारी धान सीजन शेड्यूल के अनुसार अलग-अलग जिलों में चरणबद्ध तरीके से बिजली सप्लाई सुनिश्चित की जाएगी.
उन्होंने कहा कि 1 जून से गुरदासपुर, पठानकोट, अमृतसर, तरनतारन, रूपनगर, एसएएस नगर, फतेहगढ़ साहिब और होशियारपुर जिलों में किसानों को प्रतिदिन 8 घंटे बिजली उपलब्ध करवाई जाएगी.
इसके बाद 5 जून से फरीदकोट, बठिंडा, फिरोजपुर, श्री मुक्तसर साहिब और फाजिल्का जिलों में यह व्यवस्था लागू होगी. वहीं 9 जून से लुधियाना, मलेरकोटला, मानसा, मोगा, पटियाला, संगरूर, बरनाला, कपूरथला, जालंधर और एसबीएस नगर जिलों में भी किसानों को 8 घंटे से अधिक बिजली सप्लाई दी जाएगी.
तरुनप्रीत सिंह सौंद ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार राज्य में कृषि हेतु जारी प्रत्येक एपी मोटर कनेक्शन को प्रतिदिन पर्याप्त बिजली उपलब्ध करवाई जाएगी.
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसान बिना किसी परेशानी के समय पर धान की रोपाई पूरी कर सकें. राज्य सरकार किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लगातार बिजली ढांचे को मजबूत करने का काम कर रही है.
धान सीजन के दौरान बिजली व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पूरे पंजाब में पीएसपीसीएल के अधिकारियों और तकनीकी स्टाफ की विशेष टीमें तैनात की गई हैं.
मंत्री ने कहा कि फील्ड अधिकारियों को 24 घंटे उपलब्ध रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि ट्रांसफार्मर खराबी, बिजली बाधित होने या अन्य तकनीकी समस्याओं का तुरंत समाधान किया जा सके.
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की शिकायत आने पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड ने किसानों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए कंट्रोल रूम और शिकायत निवारण प्रणाली को और अधिक मजबूत किया है.
बिजली मंत्री ने बताया कि ट्रांसमिशन लाइनों, ट्रांसफार्मरों और अन्य बिजली ढांचे के रखरखाव संबंधी आवश्यक कार्य पहले ही पूरे किए जा चुके हैं, ताकि मांग बढ़ने के दौरान बिजली सप्लाई प्रभावित न हो.
तरुनप्रीत सिंह सौंद ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे बिजली का समझदारी से उपयोग करें और पीएसपीसीएल द्वारा जारी शेड्यूल का पालन करें.
उन्होंने भरोसा दिलाया कि भगवंत मान सरकार किसानों के हितों की रक्षा और पूरे पंजाब में धान सीजन को सफल एवं सुचारू बनाने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ेगी.