छेड़छाड़ रोकने पर युवक के साथ मारपीट, लातें-घूसों की बौछार! पुलिस ने 4 आरोपियों को दबोचा

दक्षिण दिल्ली के साकेत इलाके में एक महिला के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ का मामला सामने आया. इस घटना का विरोध करना शख्स को काफी भारी पड़ गया.

Date Updated Last Updated : 05 February 2026, 03:05 PM IST
फॉलो करें:
Courtesy: @SurajKrBauddh X account

नई दिल्ली: भारत की राजधानी दिल्ली से एक चौंकाने वाली घटना सामने आ रही है, जहां इंसानियत और साहस दिखाने की कीमत एक व्यक्ति को बेरहमी से पिटकर चुकानी पड़ी. दरअसल दक्षिण दिल्ली के साकेत इलाके में एक महिला के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ का मामला सामने आया. इस घटना का विरोध करना शख्स को काफी भारी पड़ गया.

35 वर्षीय व्यक्ति द्वारा विरोध जाहिर करने पर चार युवकों ने उस पर हमला कर दिया. इस मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जिसने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. यह घटना बुधवार तड़के करीब 4 बजे की बताई जा रही है. 

महिला के साथ हुई छेड़छाड़ की घटना

यह घटना बुधवार की बताई जा रही है. एक निजी कंपनी में काम करने वाली 27 वर्षीय महिला अपनी सुबह की शिफ्ट के लिए घर से निकली थी और ऑटो का इंतजार कर रही थी. इसी दौरान दो स्कूटरों पर सवार चार युवक, जो कथित तौर पर नशे में थे, महिला को परेशान करने लगे. 

महिला की मदद के लिए आगे आया युवक

महिला को असहज स्थिति में देखकर मौके पर मौजूद एक शख्स ने आरोपियों के व्यवहार पर आपत्ति जताई. बताया जा रहा है कि इसी बात से नाराज़ होकर उन चारों युवकों ने शख्स पर हमला कर दिया. आरोपियों ने व्यक्ति को जमकर पीटा.

पीड़ित की पहचान संगम विहार निवासी मुकेश के रूप में हुई है. आरोप है कि हमलावरों ने उसे घूंसे और लातों से पीटा, उसकी कमीज पकड़कर घसीटा और चेहरे, छाती व पेट पर वार किए. पीड़ित का कहना है कि हमले के दौरान ईंटों से भी उस पर हमला करने की कोशिश की गई. इस पूरी घटना का वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. हमले में घायल मुकेश को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया. हालांकि वहां से उन्हें एम्स ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया. इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई है.

पुलिस की कार्रवाई

वायरल वीडियो और पीड़ित महिला के बयान के आधार पर मेहरौली थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज की. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और स्थानीय जांच के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया.

आरोपी गिरफ्तार

वीडियो के बाहर आते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी. पीड़ित महिला के बयान के आधार पर मेहरौली थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज की. इसके बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज के खंगालना शुरु किया. जांच में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया. जिनकी पहचान विशाल रावत (26), जतिन (20), सोनू (25) और विवेक (20) के रूप में की गई है. 

सम्बंधित खबर