नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. बुधवार रात से शुरू हुई बारिश गुरुवार सुबह तक जारी रही, जिससे दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम के कई इलाकों में जलभराव हो गया. सड़कों पर लंबा ट्रैफिक जाम लगने से लोगों को घंटों तक परेशानी झेलनी पड़ी. मौसम विभाग (IMD) ने हालात को देखते हुए दिल्ली के सभी जिलों में रेड अलर्ट और आसपास के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले 12 घंटे दिल्ली-एनसीआर के लिए बेहद महत्वपूर्ण हो सकते हैं. अनुमान है कि दिनभर रुक-रुक कर तेज बारिश होती रहेगी। खासकर नोएडा, गाजियाबाद, पूर्वी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. लोगों को केवल जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है.
लगातार बारिश के कारण नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और पूर्वी दिल्ली के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है. कई प्रमुख सड़कों पर पानी भरने से वाहन रेंगते नजर आए. गुरुग्राम में दिल्ली-जयपुर हाईवे की सर्विस लेन, नरसिंहपुर, बसई, कादीपुर, सोहना रोड, सेक्टर-31, सेक्टर-39 और पटौदी रोड समेत कई इलाकों में पानी भर गया. कई वाहन बीच रास्ते में बंद हो गए, जिससे लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा.
जलभराव से निपटने के लिए नगर निगम, जीएमडीए, पुलिस और अन्य एजेंसियों की टीमें प्रभावित इलाकों में तैनात की गई हैं. कई निजी कंपनियों ने कर्मचारियों को घर से काम (वर्क फ्रॉम होम) करने की सलाह भी दी है ताकि ट्रैफिक और जलभराव की समस्या से बचा जा सके.
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली के सभी जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि गाजियाबाद, नोएडा, गुरुग्राम और मेरठ में ऑरेंज अलर्ट लागू है. विभाग ने अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना जताई है. लोगों से अपील की गई है कि मौसम संबंधी आधिकारिक अपडेट पर नजर रखें और जलभराव वाले इलाकों में जाने से बचें.
लगातार बारिश के चलते दिल्ली-एनसीआर में सामान्य जनजीवन प्रभावित है. ऐसे में सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अनावश्यक यात्रा से बचना और प्रशासन की सलाह का पालन करना सबसे बेहतर रहेगा.