नई दिल्ली: सेना में साथ रहने वाले जवान अक्सर एक-दूसरे को अपने परिवार का हिस्सा मानते हैं. देश की रक्षा के लिए जब सैनिक अपने घर और अपनों से दूर रहते हैं, तब उनके साथी और अधिकारी ही उनके सुख-दुख के साथी बन जाते हैं. बता दें, इंडोनेशियाई सेना का एक ऐसा ही वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक कमांडर ने अपने जवान के दर्द को बिना कुछ कहे समझ लिया. क्या है इस वायरल वीडियो में खास चलिए जानते है.
वायरल वीडियो ट्रेनिंग पूरी होने के बाद आयोजित एक ग्रेजुएशन समारोह का बताया जा रहा है. समारोह में बड़ी संख्या में जवान मौजूद है और कई रिक्रूट अपने परिवार और दोस्तों के साथ इस खास उपलब्धि का जश्न मना रहे है. इसी दौरान एक जवान सबसे अलग और अकेला खड़ा दिखाई देता है. वीडियो में देखा जा सकता है कि जवान कुछ दूरी पर खड़े होकर अपने साथियों को उनके परिवार के साथ खुशियां मनाते देख रहा है और इस खास दिन पर उसके साथ कोई अपना मौजूद नहीं है. वहीं भीड़ के बीच वह काफी भावुक नजर आ रहा था और चुपचाप समारोह को देख रहा है.
तभी उसके कमांडर की नजर उस पर पड़ती है. कमांडर पीछे से जवान के पास जाते हैं और बिना कुछ कहे उसे अपने गले से लगा लेते हैं. अचानक मिले इस अपनापन भरे स्पर्श के बाद जवान खुद को रोक नहीं पाता और कमांडर को पकड़कर रोने लगता है. इसी दौरान दोनों के बीच का यह भावुक पल कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर हर किसी को इमोशनल कर रहा है.
बता दें, यह वीडियो इंस्टाग्राम पर Edy Kartono नाम के यूजर ने शेयर किया है. पोस्ट के मुताबिक, यह इंडोनेशियाई सेना की First TNI AD Education ट्रेनिंग पूरी होने के बाद आयोजित क्लोजिंग सेरेमनी का है. बताया गया कि जवान अपने परिवार को याद कर रहा था और अपने साथियों को उनके अपनों के साथ देखकर भावुक हो गया.
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स कमांडर की संवेदनशीलता की जमकर तारीफ कर रहे हैं. इसके साथ ही कई लोगों ने उनके इस व्यवहार को पिता जैसा अपनापन भी बताया है. वहीं, कुछ यूजर्स ने कहा कि एक अच्छे कमांडर की जिम्मेदारी केवल अपने जवानों का नेतृत्व करना ही नहीं, बल्कि जरूरत के समय उन्हें भावनात्मक सहारा देना भी है. इस वायरल वीडियो ने एक छोटी-सी लेकिन बेहद गहरी बात सामने रखी है कि कभी-कभी किसी के दर्द को कम करने के लिए शब्दों की जरूरत नहीं होती, बल्कि सिर्फ उस व्यक्ति को गले लगाना होता है.