वेब सीरीज का खौफनाक असर! पत्नी को मारकर कैश लेकर फरार हुआ आरोपी, मथुरा में गिरफ्तार

दिल्ली में एक व्यक्ति पर वेब सीरीज से प्रेरित होकर पत्नी की हत्या करने और करीब 12.75 लाख रुपये लेकर फरार होने का आरोप है. पुलिस ने तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपी को मथुरा से गिरफ्तार कर लिया है.

Date Updated Last Updated : 07 August 2026, 02:49 PM IST
फॉलो करें:
Courtesy: AI Generated

नई दिल्ली: दिल्ली में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी की हत्या करने और फिर करीब 12.75 लाख रुपये लेकर फरार होने का आरोप है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने हत्या के बाद जांच को भटकाने की कोशिश की. पूछताछ में यह भी सामने आया कि वह एक क्राइम वेब सीरीज से प्रभावित था और उसी में दिखाई गई तरकीब का इस्तेमाल करने की योजना बना रहा था.

घर में अकेली थी पत्नी

पुलिस के अनुसार, घटना 30 जुलाई की है. उस समय आरोपी और उसकी पत्नी घर में अकेले थे. दोपहर करीब 12:45 बजे महिला बालकनी में कपड़े सुखा रही थी. आरोप है कि इसी दौरान पति ने पीछे से उस पर तलवार से हमला कर दिया.

हमले के बाद महिला ने बचने की कोशिश की और रसोई की तरफ भागी. आरोपी ने कथित तौर पर उसे पकड़कर कमरे में खींच लिया और कैंची से कई वार किए. गंभीर रूप से घायल महिला की मौके पर ही मौत हो गई.

हत्या के बाद नकदी लेकर हुआ फरार

पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी ने खून से सने कपड़े और तलवार एक बैग में रखे. इसके बाद वह स्कूटर से घर से निकल गया और रास्ते में बैग फेंक दिया. उसने कथित तौर पर दो बैंक खातों से करीब 7 लाख रुपये निकाले और पत्नी के कमरे से 5 लाख रुपये नकद भी ले लिए. 

इस तरह उसके पास कुल करीब 12.75 लाख रुपये थे. शाम को जब बेटा घर पहुंचा तो उसने अपनी मां को खून से लथपथ पाया. पुलिस को मौके से कैंची मिली, जबकि तलवार गायब थी.

मोबाइल बंद कर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश

जांच के दौरान पुलिस ने इलाके के CCTV फुटेज और तकनीकी निगरानी की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की. आरोपी पहले गोरखपुर की ओर गया और बाद में मोबाइल फोन बंद कर मथुरा की तरफ चला गया. पुलिस को शक था कि वह नेपाल भागने की कोशिश कर रहा है.

करीब तीन दिन की तलाश के बाद पुलिस ने आरोपी को मथुरा रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया. उसके पास से नकदी और स्कूटर भी बरामद किया गया.

संपत्ति विवाद बना हत्या की वजह?

पुलिस की शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद होने की बात सामने आई है. बताया गया कि दोनों के बीच संपत्ति को लेकर अक्सर झगड़ा होता था. आरोपी एक संपत्ति अपने पिता के नाम करना चाहता था, जबकि पत्नी उसमें हिस्सेदारी मांग रही थी.

सम्बंधित खबर