अगले 2 से 5 दिनों तक तेज हवाओं के साथ होगी बारिश ? पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के लिए मौसम विभाग का अलर्ट

मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तर और मध्य भारत के कई राज्यों में बारिश का नया दौर शुरू होने जा रहा है. मौसम विभाग ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में अगले दो से पांच दिनों के भीतर तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश होने की संभावना जताई है.

Date Updated Last Updated : 18 June 2026, 10:37 AM IST
फॉलो करें:
Courtesy: AI generated

नई दिल्ली: उत्तर भारत में भीषण गर्मी के बीच मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है. दिल्ली-एनसीआर में भले ही मॉनसून के पहुंचने में अभी थोड़ा वक्त हो, लेकिन मौसम ने करवट ले ली है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तर और मध्य भारत के कई राज्यों में बारिश का नया दौर शुरू होने जा रहा है. मौसम विभाग ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में अगले दो से पांच दिनों के भीतर तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश होने की संभावना जताई है.

दिल्ली-एनसीआर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है. दिल्ली में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कई हिस्सों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की जा सकती है. इसके साथ ही दोपहर या रात के समय अचानक धूल भरी आंधी चलने और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है. हरियाणा, दिल्ली और चंडीगढ़ में छिटपुट बारिश का यह सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है. जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी.

राजस्थान में 80 किमी की रफ्तार से आंधी का तांडव

मौसम विभाग ने राजस्थान के लिए बेहद कड़ा अलर्ट जारी किया है. पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में आंधी, तूफान, आकाशीय बिजली गिरने और अत्यधिक तेज हवाएं चलने का अनुमान है. पश्चिमी राजस्थान में तेज धूल भरी आंधी चलने की चेतावनी दी गई है. जहां हवाओं की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. इस दौरान लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम में घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है.यूपी, पंजाब और पहाड़ी राज्यों का हाल

उत्तर प्रदेश के मौसम की बात करें तो पश्चिमी और पूर्वी यूपी के जिलों में अलग-अलग तारीखों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. वहीं पहाड़ी राज्यों में भी मौसम बिगड़ा रहेगा. उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी वर्षा का अनुमान है. सबसे गंभीर चेतावनी जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और गिलगित-बाल्टिस्तान क्षेत्रों के लिए है, जहां भारी बारिश के साथ कुछ स्थानों पर ओले गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है.

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बिजली कड़कने की चेतावनी

मध्य भारत के राज्यों में भी प्री-मॉनसून और स्थानीय मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं. पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश के साथ-साथ छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में आंधी, तूफान और बिजली कड़कने के साथ व्यापक बारिश होने के आसार हैं.

मॉनसून रिपोर्ट

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से देश के अन्य हिस्सों की तरफ बढ़ रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक, मॉनसून अब तेलंगाना, ओडिशा, बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ के कुछ और नए इलाकों को कवर करने के लिए आगे बढ़ रहा है. फिलहाल यह सोलापुर, हैदराबाद, भद्राचलम, कोरापुट, रांची, जमुई और मुजफ्फरपुर जैसे शहरों की सीमा को पार करते हुए आगे बढ़ चुका है.

सम्बंधित खबर