मुंबई: महाराष्ट्र में आम जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वाले होटल मालिकों और खाद्य कारोबारियों के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने अपना शिकंजा कस दिया है। राज्य भर में 'सेफ फूड सेफ महाराष्ट्र' अभियान के तहत 19 और 20 अगस्त को एक बड़ा विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई के दौरान दूध और डेयरी उत्पादों से लेकर प्रतिबंधित गुटखा व पान मसाला बेचने वालों पर कड़ा प्रहार किया गया। एफडीए की टीमों ने अचानक छापेमारी करते हुए छत्रपति संभाजीनगर से लेकर राजधानी मुंबई तक कई बड़े और नामी ठिकानों में चल रही गंभीर लापरवाहियों का भंडाफोड़ किया है।
लगातार अनदेखी के बाद लाइसेंस रद्द
एफडीए के अधिकारियों के अनुसार यह होटल पहले भी नियमों का उल्लंघन करता पाया गया था। दिसंबर 2025 में जांच के बाद इसे सुधार का नोटिस थमाया गया था, लेकिन स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसके बाद अप्रैल 2026 में होटल पर 50 हजार रुपये का जुर्माना भी ठोका गया था।
छत्रपति संभाजीनगर में होटल की रसोई का खौफनाक मंजर
अभियान के तहत छत्रपति संभाजीनगर के क्रांति चौक स्थित गायत्री मेवाड़ प्राइवेट लिमिटेड होटल में जब एफडीए की टीम पहुंची, तो रसोई की स्थिति देखकर अधिकारी भी दंग रह गए। सब्जी बनाने के लिए रखा गया पनीर पूरी तरह सड़ा हुआ था और उससे तेज बदबू आ रही थी। हैरानी की बात यह रही कि पनीर समेत पहले से तैयार ग्रेवी और अन्य खाद्य पदार्थों पर उनके निर्माण या इस्तेमाल की अंतिम तिथि तक दर्ज नहीं थी। खाने को सुरक्षित तापमान पर रखने की कोई व्यवस्था नहीं थी।
साफ-सफाई का हाल इतना बदतर था कि टॉयलेट के मुख्य दरवाजे के पास गंदगी और मकड़ी के जालों के बीच सब्जियां काटी जा रही थीं। बर्तन धोने की जगह पर उबले हुए नूडल्स खुले छोड़े गए थे, जहां नाली के गंदे पानी के छींटे पड़ने का सीधा खतरा था। कड़ाही में खाना पकाने के लिए बार-बार इस्तेमाल किया गया पूरी तरह काला पड़ा तेल भरा था और प्याज जैसी कच्ची सामग्रियां सीधे जमीन पर दीवार से सटाकर रखी गई थीं। पूरी रसोई में मक्खियों को रोकने का कोई इंतजाम नहीं था।
महाराष्ट्र में FDA का बड़ा एक्शन
इसी विशेष अभियान की आंच मुंबई के कई नामी रेस्टोरेंट्स और क्लबों तक भी पहुंची। कोलाबा स्थित प्रसिद्ध फ़ास्ट-फ़ूड चेन मैकडॉनल्ड्स (McDonald's), बॉम्बे प्रेसीडेंसी रेडियो क्लब, मलाड के नोवारा, नरीमन पॉइंट के स्टेटस रेस्टोरेंट और खार जिमखाना समेत कुल 7 प्रमुख ठिकानों पर खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाया गया। साफ-सफाई और खाद्य मानकों में गंभीर कमियां मिलने पर प्रशासन ने इन सभी जगहों के फूड लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं।
कई मशहूर होटलों के लाइसेंस सस्पेंड
खाद्य पदार्थों में गड़बड़ी के साथ-साथ एफडीए ने प्रतिबंधित गुटखा और पान मसाला के अवैध कारोबार पर भी बड़ी कार्रवाई की। मुंबई में 3 दुकानों को पूरी तरह से सील कर दिया गया और इस सिलसिले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में करीब 1.95 लाख रुपये कीमत के प्रतिबंधित गुटखा उत्पाद जब्त किए गए। दो दिनों तक चले इस विशेष अभियान ने यह साफ संदेश दे दिया है कि लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा।