नई दिल्ली: बॉलीवुड के ‘भाईजान’ सलमान खान अपनी फिल्मों के साथ-साथ अपने स्टाइल और लग्जरी लाइफस्टाइल को लेकर भी अक्सर चर्चा में रहते हैं. 60 साल की उम्र में भी उनका अंदाज और फैशन फैंस को खूब पसंद आता है. अब सलमान खान एक बेहद खास और महंगी घड़ी को लेकर सुर्खियों में हैं. अभिनेता ने मशहूर लग्जरी वॉच ब्रांड Jacob & Co. के साथ मिलकर एक स्पेशल एडिशन घड़ी लॉन्च की है, जिसकी कीमत लाखों में है.
ब्रांड की ओर से सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया गया है, जिसमें सलमान खान इस खास घड़ी की अनबॉक्सिंग करते दिखाई दे रहे हैं. इस घड़ी का नाम ‘The World Is Yours Dual Time Zone Salman Khan Edition’ है. खास बात यह है कि इस घड़ी के डिजाइन में सलमान खान के साथ-साथ भारत से जुड़ी कई खास झलकियां भी शामिल की गई हैं.
वीडियो में सलमान खान एक शानदार ब्लैक और ब्लू बॉक्स को खोलते नजर आते हैं. बॉक्स के अंदर रखी घड़ी को देखने के बाद अभिनेता के चेहरे पर मुस्कान आ जाती है. वह घड़ी को ध्यान से देखते हैं और फिर कैमरे के सामने उसे दिखाते हुए अपनी पसंद भी जाहिर करते हैं. सलमान खान घड़ी की तारीफ करते हुए कहते हैं कि यह बेहद शानदार है और उन्हें यह काफी पसंद आई. इसके बाद वह घड़ी को अपनी कलाई पर पहनकर उसका लुक भी दिखाते हैं. अभिनेता के फैंस के लिए यह वीडियो खासा पसंद किया जा रहा है.
इस स्पेशल एडिशन घड़ी में Jacob & Co. की खास डिजाइन शैली के साथ भारतीय संस्कृति और सलमान खान की पहचान को भी शामिल किया गया है. घड़ी को स्टेनलेस स्टील से तैयार किया गया है और इसमें सैफायर क्रिस्टल ग्लास का इस्तेमाल किया गया है. यह घड़ी वॉटर-रेसिस्टेंट भी है. घड़ी के डायल पर दुनिया का नक्शा दिखाई देता है. इसके डिजाइन में भारतीय तिरंगे से प्रेरित रंगों और एलिमेंट्स को जगह दी गई है. केसरिया और हरे रंग की झलक भारत की समृद्ध संस्कृति को दर्शाती है. वहीं, नीले रंग का लेदर स्ट्रैप घड़ी के पूरे लुक को और आकर्षक बनाता है. इसमें पिन बकल क्लैस्प दिया गया है, जिससे इसे पहनना आसान और सुरक्षित रहता है.
ब्रांड के अनुसार, इस घड़ी की डिजाइन सलमान खान की विरासत और उनके पिता से प्रेरित है. घड़ी को खास तौर पर अभिनेता की पहचान से जोड़ने के लिए इसमें कुछ अनोखे बदलाव किए गए हैं. घड़ी के डायल पर सामान्य रूप से 6 बजे की जगह सलमान खान का नाम और ‘S.K’ अक्षर उकेरे गए हैं. यह खास डिटेल इस लिमिटेड एडिशन घड़ी को आम लग्जरी घड़ियों से अलग बनाती है.
इस घड़ी की सबसे बड़ी खासियत इसका ड्यूल टाइम जोन फीचर है. इसमें दो अलग-अलग टाइम जोन के घंटे और मिनट को अलग-अलग सेट किया जा सकता है. ऐसे लोगों के लिए यह फीचर काफी उपयोगी है, जो अक्सर विदेश यात्रा करते हैं या अलग-अलग देशों में रहते हैं. इस सुविधा की मदद से एक ही घड़ी में दो अलग-अलग जगहों का समय देखा जा सकता है. यही वजह है कि यह घड़ी केवल देखने में ही खास नहीं है, बल्कि इसके फीचर्स भी इसे प्रीमियम बनाते हैं.
सलमान खान के नाम से जुड़ी यह खास घड़ी फिलहाल Ethos India पर उपलब्ध है. इसकी कीमत करीब 41 लाख रुपये बताई गई है. खास डिजाइन, महंगे मटेरियल और ड्यूल टाइम जोन फीचर के साथ सलमान खान का नाम जुड़ने की वजह से यह घड़ी लग्जरी एक्सेसरीज की दुनिया में खास चर्चा बटोर रही है.