बॉलीवुड के मशहूर कॉमेडियन राजपाल यादव एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार वजह है उनका चेक बाउंस का केस. दिल्ली हाई कोर्ट में बुधवार को इस मामले की सुनवाई हुई, जिसमें राजपाल यादव भावुक हो गए. जज ने उन्हें समय बर्बाद करने के लिए फटकार लगाई और आखिरकार फैसला सुरक्षित रख लिया. दिल्ली हाई कोर्ट की जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा इस मामले की सुनवाई कर रही थीं.
कोर्ट ने कुछ दिनों पहले राजपाल यादव को बड़ा राहत देते हुए कहा था कि फिलहाल उन्हें जेल नहीं जाना पड़ेगा, क्योंकि उन्होंने बकाया राशि का बड़ा हिस्सा जमा कर दिया है. कोर्ट ने दोनों पक्षों को समझौता करने का आखिरी मौका दिया था. लेकिन 1 अप्रैल को हुई सुनवाई में दोनों पक्ष समझौते पर नहीं पहुंच सके. सुनवाई के दौरान राजपाल यादव काफी भावुक नजर आए.
उन्होंने कोर्ट में अपनी बात रखते हुए कहा कि जो भी फैसला आएगा, वे उसे मान लेंगे. लेकिन उनकी भावुकता देखकर जज ने सख्त लहजे में कहा- 'आप समय बर्बाद कर रहे हैं.' जज ने साफ तौर पर कहा कि बार-बार समय लेने से मामला आगे नहीं बढ़ रहा है. विपक्षी पक्ष ने कोर्ट को बताया कि वे 6 करोड़ रुपये लेने को तैयार हैं, लेकिन राजपाल यादव की तरफ से कोई ठोस प्रस्ताव नहीं आया.
राजपाल यादव के वकील भास्कर उपाध्याय ने अपनी दलीलें रखीं, लेकिन समझौता नहीं हो पाया. दोनों पक्षों के बीच काफी कोशिशें हुईं, मगर कोई नतीजा नहीं निकला. इससे पहले दो हफ्ते पहले दिल्ली हाई कोर्ट ने राजपाल यादव को अंतरिम राहत देते हुए कहा था कि बकाया राशि का बड़ा हिस्सा जमा होने के कारण उन्हें तुरंत जेल जाने की जरूरत नहीं है. लेकिन अब पूरा मामला फिर से कोर्ट के फैसले पर टिक गया है.
राजपाल यादव ने कोर्ट में कहा- 'मैं कोर्ट के हर निर्देश का पालन करूंगा.' उनके इस बयान के बावजूद जज ने उन्हें साफ चेतावनी दी कि आगे समय की बर्बादी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. बॉलीवुड में छोटी-छोटी भूमिकाओं से लेकर हिट कॉमेडी फिल्मों तक राजपाल यादव ने अपनी पहचान बनाई है. लेकिन पिछले कुछ सालों से वे कानूनी मामलों में फंसे हुए हैं.
चेक बाउंस का यह केस काफी पुराना है और लंबे समय से चल रहा है. अब सभी की नजरें दिल्ली हाई कोर्ट के आने वाले फैसले पर टिकी हैं. क्या राजपाल यादव को इस मामले में राहत मिलेगी या फिर कोई सख्त फैसला आएगा, यह जल्द ही साफ हो जाएगा. फिलहाल राजपाल यादव ने कहा है कि वे कोर्ट के फैसले का इंतजार करेंगे और जो भी निर्देश मिलेगा, उसका पूरी तरह पालन करेंगे.