नई दिल्ली: बॉक्स ऑफिस पर धुरंदर: द रिवेंज लगातार अपना जलवा बिखेरता ही जा रहा है. फिल्म का दबदबा अभी भी कायम है. दूसरे वीकेंड पर भी फिल्म ने अपनी पकड़ ढीली नहीं पड़ने दी. दसवें दिन के कलेक्शन ने साफ संकेत दे दिया है कि यह फिल्म सिर्फ ओपनिंग तक सीमित नहीं, बल्कि लंबी रेस की खिलाड़ी बन चुकी है.
सैक्निल्क के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने दूसरे शनिवार को लगभग 62.85 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की. इसके साथ ही भारत में इसका कुल कलेक्शन 778.77 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है. जबकि वैश्विक स्तर पर यह आंकड़ा 1,226 करोड़ रुपये के पार चला गया है. खास बात यह रही कि हिंदी वर्जन ने सबसे ज्यादा योगदान दिया.
फिल्म ने दूसरे शनिवार को हिंदी सिनेमा के इतिहास में नया रिकॉर्ड बना दिया. धुरंधर 2 ने पुष्पा 2: द रूल के हिंदी वर्जन के 46 करोड़ रुपये के कलेक्शन को पीछे छोड़ते हुए सबसे ज्यादा कमाई करने का रिकॉर्ड अपने नाम किया. कुल ऑक्यूपेंसी लगभग 44.8% रही, जिसमें रात के शो में सबसे ज्यादा दर्शक पहुंचे.
कमाई के मामले में हिंदी संस्करण सबसे आगे रहा है, जिसने अब तक करीब 58 करोड़ रुपये जुटाए. इसके बाद तेलुगु वर्जन ने लगभग 3 करोड़ रुपये का योगदान दिया, जबकि तमिल बाजार में प्रतिक्रिया अपेक्षाकृत धीमी रही. हिंदी में दर्शकों की रुचि लगातार बढ़ती दिखाई दे रही है.
फिल्म ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दमदार प्रदर्शन किया है. इसने
अमेरिका में करीब 19.3 मिलियन डॉलर की कमाई के साथ यह तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन गई है. अनुमान है कि जल्द ही धुरंधर 2 बाहुबली 2 के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ सकती है.
फिल्म ने रिलीज के साथ ही अपना जलवा बिखेरना शुरु कर दिया था. इतना ही नहीं फिल्म ने शुरुआती दिनों से ही शानदार शुरुआत की थी. पहले चार दिनों में ही इसने 700 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर लिया था. इसके बाद भी हर दिन फिल्म का जूनून बढ़ता ही जा रहा है.