चेन्नई: मशहूर म्यूजिक कंपोजर एआर रहमान के बेटे और सिंगर एआर अमीन एक सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए. रिपोर्ट के मुताबिक, अमीन सुबह करीब 3:30 बजे चेन्नई के गिंडी इलाके में अपनी पोर्श कार से गुजर रहे थे. उस वक्त उनके साथ एक दोस्त भी मौजूद था. इसी दौरान एक रैपिडो वैगन-R साइड रोड से मुख्य सड़क पर आ रही थी. इसी दौरान दोनों वाहनों की टक्कर हो गई.
हादसे के बाद अमीन और उनके दोस्त को तुरंत पास के कावेरी अस्पताल ले जाया गया. दोनों को हल्की चोटें आई थीं. इलाज के बाद दोनों को अस्पताल से छुट्टी मिल गई और वे घर लौट गए. पुलिस के अनुसार, वैगन-R में सवार व्यक्ति को भी चोट लगी थी. उसे कलैग्नर सेंटेनरी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया.
एआर अमीन के साथ यह पहली बार नहीं है जब कोई बड़ा हादसा हुआ हो. साल 2023 में भी वह एक गंभीर दुर्घटना से बाल-बाल बचे थे. अमीन ने खुद सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उस घटना की जानकारी दी थी. उन्होंने बताया था कि वह एक गाने की शूटिंग के लिए सेट पर मौजूद थे. इसी दौरान क्रेन पर लगा एक भारी झूमर और ट्रस अचानक नीचे गिर गया था. हादसे में उन्हें ज्यादा चोट नहीं आई थी. घटना के बाद एआर रहमान ने भी शूटिंग सेट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई थी.
23 साल के एआर अमीन भी अपने पिता की तरह संगीत से जुड़े हुए हैं. वह प्लेबैक सिंगिंग के साथ म्यूजिक प्रोडक्शन का काम भी करते हैं. अमीन ने कम उम्र में ही संगीत की दुनिया में कदम रख दिया था. उन्होंने करीब 12 साल की उम्र में अपने पिता द्वारा कंपोज किए गए संगीत पर आवाज दी थी. इसके बाद उन्होंने कई फिल्मों के लिए गाने गाए, जिनमें ‘दिल बेचारा’ और ‘2.0’ जैसी फिल्में शामिल हैं. अमीन अब अपने संगीत पर अलग पहचान बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं. सड़क हादसे के बाद उनके सुरक्षित होने की खबर से परिवार और उनके चाहने वालों ने राहत की सांस ली है.