नई दिल्ली: भारत में सोमवार रात अचानक कई WhatsApp यूजर्स के अकाउंट जांच के दायरे में आने से लोगों की परेशानी बढ़ गई. कई यूजर्स को ऐप खोलने पर ‘Under Review’ का नोटिफिकेशन दिखाई दिया. बताया गया कि उनके अकाउंट की गतिविधियों और फोन से जुड़ी जानकारी की समीक्षा की जा रही है. इस प्रक्रिया को पूरा होने में करीब 24 घंटे लग सकते हैं.
यह समस्या सोमवार रात करीब 8 बजे सामने आनी शुरू हुई. कई यूजर्स ने बताया कि उन्हें अकाउंट पर कार्रवाई से पहले कोई स्पष्ट चेतावनी नहीं मिली. WhatsApp खोलने पर स्क्रीन पर एक संदेश दिखाई दिया, जिसमें बताया गया कि खाते की जांच की जा रही है.
रिव्यू के दौरान प्रभावित यूजर्स को ऐप के कुछ जरूरी फीचर्स इस्तेमाल करने में परेशानी हुई. ऐसे लोगों की दिक्कत और बढ़ गई, जिनका कामकाज या रोजमर्रा का संपर्क WhatsApp पर निर्भर है.
अकाउंट अचानक बंद होने या समीक्षा में जाने के बाद कई लोगों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X का सहारा लिया. यूजर्स ने अपनी समस्या साझा करते हुए सवाल किया कि उनके अकाउंट पर यह कार्रवाई किस वजह से की गई.
कुछ लोगों ने दावा किया कि उन्होंने किसी नियम का उल्लंघन नहीं किया, फिर भी उनका अकाउंट जांच में डाल दिया गया. कुछ यूजर्स ने यह भी बताया कि अपील करने के बाद उन्हें तत्काल समाधान नहीं मिला और स्क्रीन पर सामान्य प्रक्रिया संबंधी जानकारी ही दिखाई देती रही.
अकाउंट रिव्यू के दौरान यूजर्स को WhatsApp के जिम्मेदार तरीके से इस्तेमाल से संबंधित निर्देश भी दिखाई दिए. इसके अलावा चोरी हुए फोन या अकाउंट से जुड़ी जानकारी के लिए भी विकल्प उपलब्ध थे. कंपनी की यह प्रक्रिया मुख्य रूप से प्लेटफॉर्म के गलत इस्तेमाल और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने से जुड़ी बताई गई है.
WhatsApp के प्रवक्ता ने बताया कि कंपनी लगातार उन अकाउंट्स की निगरानी करती है, जिनसे सेवा का गलत इस्तेमाल किए जाने की आशंका होती है. इसका उद्देश्य दूसरे यूजर्स को सुरक्षित रखना है. हालांकि, कंपनी ने यह भी माना कि कभी-कभी सिस्टम से गलती हो सकती है और सही यूजर्स के अकाउंट पर भी कार्रवाई हो सकती है.
ऐसे मामलों में कंपनी समस्या को जल्द ठीक करने की कोशिश करती है, ताकि प्रभावित लोग फिर से सामान्य रूप से WhatsApp का इस्तेमाल कर सकें. फिलहाल अचानक अकाउंट रिव्यू में जाने से प्रभावित यूजर्स 24 घंटे की समीक्षा प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार कर रहे हैं.