नई दिल्ली: दिल्ली के जंतर-मंतर पर सोमवार को हुए शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान छात्रों और युवाओं पर हुई पुलिसिया कार्रवाई और उसके बाद दर्ज FIR के विरोध में आम आदमी पार्टी खुलकर सामने आ गई है. पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए प्रदर्शनकारी छात्रों और उनके परिजनों को पूर्ण कानूनी और चिकित्सीय सहायता देने की घोषणा की है. केजरीवाल ने इस कार्रवाई को अमानवीय करार देते हुए कहा कि अपने अधिकारों और पेपर लीक रोकने की मांग कर रहे निहत्थे युवाओं पर जिस तरह का बल प्रयोग किया गया है, वह बेहद शर्मनाक है. उन्होंने छात्रों से न घबराने की अपील की और आश्वासन दिया कि आम आदमी पार्टी इस लड़ाई में उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है.
केंद्र सरकार की मंशा पर उठाए सवाल
मंगलवार को दिल्ली स्थित आम आदमी पार्टी मुख्यालय में एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने सोमवार की घटना को भारत के लोकतांत्रिक इतिहास का एक दुखद अध्याय बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण ढंग से अपनी आवाज उठा रहे देश के भविष्य पर बिना किसी उकसावे के लाठीचार्ज किया गया और आंसू गैस के गोले छोड़े गए. केजरीवाल ने कहा, सोमवार को जिस तरह से केंद्र सरकार के इशारे पर हमारे देश के युवाओं पर कार्रवाई की गई, वैसा बर्ताव तो शायद औपनिवेशिक दौर में अंग्रेजों ने भी स्वतंत्रता सेनानियों के साथ नहीं किया होगा. सोशल मीडिया पर आ रहे फुटेज का जिक्र करते हुए आप संयोजक ने कहा कि कई वीडियो में छात्राएं हाथ जोड़कर गुहार लगाती दिख रही हैं, फिर भी उन पर बल प्रयोग किया गया.
झूठी FIR और गुमशुदगी के दावों पर चिंता
आप प्रमुख ने प्रदर्शन के बाद दर्ज की जा रही पुलिस कार्यवाहियों पर गंभीर चिंता व्यक्त की. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से कई माता-पिता अपने बच्चों के लापता होने और उनसे संपर्क न हो पाने की शिकायत कर रहे हैं. आरोप लगाया गया कि कई युवाओं को हिरासत में लेकर अज्ञात स्थानों पर रखा गया है और उनके परिजनों को कोई सटीक जानकारी नहीं दी जा रही है. केंद्र सरकार के रवैये की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि देश के नागरिकों और युवाओं को इस तरह डराना लोकतंत्र के सिद्धांतों के खिलाफ है. उन्होंने स्पष्ट किया कि 140 करोड़ लोगों का यह देश किसी एक व्यक्ति या सत्ता की जागीर नहीं है और इस तरह की कठोर कार्रवाइयों का जवाब देश की जनता समय आने पर देगी.
आप ने शुरू किया हेल्पलाइन नंबर
प्रभावित छात्रों और उनके परिवारों की मदद के लिए आम आदमी पार्टी ने एक विशेष हेल्पलाइन नंबर 8588833548 जारी किया है. केजरीवाल ने बताया कि यदि किसी छात्र पर झूठी FIR दर्ज की गई है, उसे गिरफ्तार किया गया है या उसे किसी भी प्रकार की चिकित्सीय सहायता की जरूरत है, वे इस नंबर पर बात कर सकते है. पार्टी ने वकीलों की एक समर्पित टीम गठित की है. घायल हुए प्रदर्शनकारियों के लिए त्वरित चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. प्रतिक्रिया के लिए प्रभावित लोग हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करने के साथ-साथ संदेश भी भेज सकते हैं. जिस पर आप की टीम तुरंत संज्ञान लेगी.
मेरे अपने बच्चे भी प्रदर्शन में थे शामिल
पत्रकारों के इस सवाल पर कि वे सोमवार को प्रदर्शन स्थल पर मौजूद क्यों नहीं थे. उन्होंने बताया कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों के कारण वे पंजाब में थे, लेकिन उनके दोनों बच्चे लगातार चार-पांच घंटे तक अन्य छात्रों के साथ प्रदर्शन में शामिल रहे. उन्होंने कहा, मेरे बच्चे भी वहीं मौजूद थे जहां पुलिस कार्रवाई हुई और आंसू गैस के गोले छोड़े गए. यह लड़ाई केवल कुछ छात्रों की नहीं, बल्कि देश के हर उस परिवार की है जो अपने बच्चों के सुरक्षित और पारदर्शी भविष्य की कामना करता है.
पेपर लीक पर सरकार की नीयत पर घेरा
प्रदर्शनकारियों को असामाजिक या देशविरोधी बताए जाने के आरोपों पर पलटवार करते हुए आप प्रमुख ने कहा कि यह एक निर्धारित नैरेटिव का हिस्सा है. उन्होंने कहा कि देश के युवा कोई अपराध नहीं कर रहे. वे केवल पारदर्शी परीक्षा प्रणाली और 'पेपर लीक' जैसी कुरीतियों पर पूर्ण विराम लगाने की मांग कर रहे हैं. केजरीवाल ने सवाल उठाया कि एक बेहद सीधी और जायज मांग को पूरा करने के बजाय सरकार बल प्रयोग का सहारा क्यों ले रही है? प्रेस वार्ता के अंत में उन्होंने दोहराया कि आम आदमी पार्टी का पूरा तंत्र हर पीड़ित छात्र और उसके परिवार के साथ खड़ा है और कानूनी व सामाजिक स्तर पर यह लड़ाई जारी रखी जाएगी