नई दिल्ली: पंजाब के पटियाला में सोमवार (27 अप्रैल 2026) देर रात एक बड़ा रेल हादसा होते-होते बच गया। शंभू-अंबाला रेल ट्रैक पर बम लगाते समय धमाका हो गया और आरोपी की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल से एक शव बरामद किया है। ट्रैक को नुकसान पहुंचा है, लेकिन किसी ट्रेन या यात्री को कोई नुकसान नहीं हुआ।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पुलिस ने बताया है कि धमाका सोमवार रात करीब 10 बजे हुआ। यह ट्रैक मालगाड़ियों के लिए बना खास कॉरिडोर है। धमाका इतना तेज था कि बम लगाने वाले का शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। सूचना मिलते ही डीआईजी और पटियाला के एसएसपी समेत कई बड़े अफसर मौके पर पहुंचे। जीआरपी और आरपीएफ की टीमें भी जांच के लिए आ गईं। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सैंपल इकट्ठा किए।
आपको बताते चलें कि पटियाला के एसएसपी वरुण शर्मा ने एएनआई को बताया, “बम लगाने की कोशिश कर रहा शख्स ही धमाके में मारा गया। उसका शव बरामद कर लिया गया है। किसी और को चोट नहीं आई और न ही कोई संपत्ति का नुकसान हुआ।”
उन्होंने इस घटना को लेकर आगे कहा कि मौके से सिम कार्ड समेत कई वैज्ञानिक सबूत मिले हैं। तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। एसएसपी ने भरोसा जताया कि जल्द ही पूरी साजिश का खुलासा कर दिया जाएगा। जीआरपी, आरपीएफ और दूसरी एजेंसियां मिलकर जांच कर रही हैं।
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब पंजाब में मालगाड़ी के ट्रैक को निशाना बनाया गया हो। जनवरी में फतेहगढ़ साहिब के सरहिंद में भी ऐसा ही धमाका हुआ था। 24 जनवरी को गणतंत्र दिवस से दो दिन पहले हुए उस धमाके में लोको पायलट अनिल शर्मा घायल हो गए थे। तब ट्रेन फुटप्लेट इंस्पेक्शन पर थी और गोबिंदगढ़ से सरहिंद जा रही थी।
सोशल मीडिया पर इसको लेकर यह भी दावा किया गया था कि हमला प्रतिबंधित आतंकी संगठन खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स ने किया है। हालांकि पुलिस ने तब इन दावों की पुष्टि नहीं की थी। रोपड़ रेंज के डीआईजी नानक सिंह ने कहा था कि लोको पायलट को हल्की चोट आई थी और वह खतरे से बाहर हैं।