केजरीवाल का अमृतसर में बड़ा एलान, भगवान वाल्मीकि मंदिर के पास बनेगा माता जानकी और लव-कुश का भव्य मंदिर

अयोध्या में श्री रामलला के दर्शन करने के ठीक बाद आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल शनिवार को अमृतसर पहुंचे. यहां आयोजित 'एक शाम भगवान शिवजी के नाम' भजन संध्या के मंच से उन्होंने पंजाब की जनता के लिए पांच बड़े ऐतिहासिक और धार्मिक एलान किए.

Date Updated Last Updated : 28 June 2026, 11:02 AM IST
फॉलो करें:
Courtesy: X (AAP)

पंजाब: अयोध्या में श्री रामलला के दर्शन करने के ठीक बाद आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल शनिवार को अमृतसर पहुंचे. यहां आयोजित 'एक शाम भगवान शिवजी के नाम' भजन संध्या के मंच से उन्होंने पंजाब की जनता के लिए पांच बड़े ऐतिहासिक और धार्मिक एलान किए. दुनिया भर के राम भक्तों के लिए सबसे बड़ी सौगात देते हुए उन्होंने घोषणा की कि अमृतसर में भगवान वाल्मीकि मंदिर के समीप माता जानकी और लव-कुश का एक अत्यंत भव्य व विशाल मंदिर बनाया जाएगा. इसके साथ ही उन्होंने पंजाब में सांस्कृतिक और आध्यात्मिक चेतना को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं.

 'एक शाम भगवान शिवजी के नाम'

अमृतसर में भक्तिमय माहौल के बीच अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब की वर्तमान सरकार जनता की आस्था और भक्ति का पूरा सम्मान करती है. इससे पहले इस तरह की भजन संध्या का आयोजन जालंधर में हुआ था और अब अमृतसर में इसका भव्य रूप देखने को मिल रहा है. उन्होंने पहली बड़ी खुशखबरी देते हुए एलान किया कि जालंधर और अमृतसर से शुरू हुआ भजन संध्या का यह दिव्य सिलसिला यहीं नहीं रुकेगा, बल्कि अब पंजाब के सभी 22 शहरों में 'एक शाम भगवान शिवजी के नाम' कार्यक्रम और भजन संध्या का आयोजन बेहद भव्य स्तर पर किया जाएगा ताकि राज्य का कोना-कोना शिवभक्ति में सराबोर हो सके.

पटियाला के ऐतिहासिक काली माता मंदिर का होगा कायाकल्प

केजरीवाल ने अपनी दूसरी बड़ी घोषणा में पटियाला के सुप्रसिद्ध और ऐतिहासिक काली माता मंदिर के जीर्णोद्धार का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि इस सिद्ध पीठ की उत्तर भारत में बहुत बड़ी मान्यता है. पंजाब सरकार 80 करोड़ की भारी-भरकम राशि खर्च करके इस मंदिर का पुनर्विकास और सौंदर्यीकरण करने जा रही है. मंदिर के नए आर्किटेक्ट मॉडल की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि काम बेहद तेज गति से चल रहा है और आगामी सितंबर महीने तक यह पूरी तरह बनकर तैयार हो जाएगा. उन्होंने लोगों से अपील की कि अक्टूबर के बाद वे इस भव्य मंदिर के दर्शन करने जरूर जाएं, जो उत्तर भारत के सबसे बड़े धार्मिक स्थलों में से एक होगा.

मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना में जुड़ेंगे तीन नए रूट

राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी 'मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना' का दायरा बढ़ाते हुए अरविंद केजरीवाल ने तीसरी बड़ी खुशखबरी दी. वर्तमान में यह यात्रा दो प्रमुख रूटों (दरबार साहिब और आनंदपुर साहिब) के लिए चल रही है। अब आगामी 1 अगस्त से इसमें तीन नए बेहद महत्वपूर्ण रूट जोड़े जा रहे हैं.
पहला रूट: सालासर धाम और खाटू श्याम जी (राजस्थान)
दूसरा रूट: हरिद्वार और ऋषिकेश (उत्तराखंड)
तीसरा रूट: मथुरा और वृंदावन (उत्तर प्रदेश)

केजरीवाल ने बताया कि इन नए रूटों के माध्यम से लगभग डेढ़ लाख श्रद्धालुओं को मुफ्त में तीर्थ यात्रा कराई जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार यात्रियों को शानदार एसी लग्जरी बसें और बेहतरीन एसी होटलों में ठहराने की व्यवस्था करती है. आना-जाना, रहना, खाना-पीना और दर्शन की सारी जिम्मेदारी पंजाब सरकार की है, श्रद्धालुओं को घर से केवल अपने कपड़े लेकर निकलने होते हैं.

आशुतोष राणा अभिनीत 'हमारे राम' नाटक का मुफ्त मंचन

चौथी बड़ी घोषणा के तहत पंजाब में 1 अगस्त से एक भव्य सांस्कृतिक अभियान की शुरुआत होने जा रही है. पूरे पंजाब में भगवान राम के जीवन पर आधारित 'हमारे राम' नामक नाटक का मंचन किया जाएगा. अरविंद केजरीवाल ने बताया कि उन्होंने खुद दिल्ली में यह नाटक देखा है, जिसमें देश के जाने-माने अभिनेता आशुतोष राणा मुख्य भूमिका में हैं. दिल्ली में इस नाटक की टिकट की कीमत 8000 तक थी. लेकिन पंजाब की जनता के लिए भगवंत मान सरकार इसका मंचन पूरी तरह मुफ्त करने जा रही है. 

अमृतसर की पावन धरती पर बनेगा ऐतिहासिक मंदिर

अपनी पांचवीं और सबसे बड़ी घोषणा में अरविंद केजरीवाल ने अमृतसर के ऐतिहासिक व धार्मिक महत्व को रेखांकित किया. उन्होंने कहा कि अमृतसर वह पवित्र भूमि है जहां दरबार साहिब, दुर्ग्याणा मंदिर, जलियांवाला बाग और वाघा बॉर्डर जैसी ऐतिहासिक धरोहरें मौजूद हैं. सबसे खास बात यह है कि इसी धरती पर बैठकर भगवान वाल्मीकि ने रामायण की रचना की थी. यहां स्थित वाल्मीकि तीर्थ स्थान पर माता जानकी ने शरण ली थी और लव-कुश का जन्म व शिक्षा यहीं हुई थी. इसी स्थान पर लव-कुश ने भगवान राम के अश्वमेध यज्ञ के घोड़े को पेड़ से बांधा था. इस अद्भुत इतिहास को नमन करते हुए केजरीवाल ने एलान किया कि भगवान वाल्मीकि मंदिर के ठीक बगल में माता जानकी और लव-कुश का एक भव्य व ऐतिहासिक मंदिर बनाया जाएगा, जो पूरी दुनिया के रामभक्तों के लिए आस्था का एक नया केंद्र बनेगा.

सम्बंधित खबर